रिम्स में मचा हड़कंप : चाय पीते ही बेहोश हुईं महिला डॉक्टर, वेंटिलेटर पर हालत नाजुक


रांची :
झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब महिला एवं प्रसूति रोग विभाग में कार्यरत एक डॉक्टर अचानक चाय पीने के बाद बेहोश होकर गिर पड़ीं। बेहोश हुईं डॉक्टर का नाम डॉ. अरूणा बताया जा रहा है। उन्हें गंभीर हालत में तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय विभाग के सात डॉक्टरों ने रिम्स कैंटीन से चाय मंगवाई थी। सभी ने चाय पी, लेकिन जैसे ही डॉ. अरूणा ने चाय पी, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ ही मिनटों में वह जमीन पर गिर पड़ीं। सहकर्मी डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने आनन-फानन में उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

घटना के बाद रिम्स परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने आशंका जताई है कि चाय में किसी तरह का संदिग्ध पदार्थ मिलाया गया हो सकता है। हालांकि, अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

रिम्स प्रबंधन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और आंतरिक जांच टीम गठित कर दी है। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि कैंटीन से मंगाई गई चाय के सैंपल को सुरक्षित रख लिया गया है और उसकी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा डॉक्टर के ब्लड सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एहतियातन कैंटीन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया है और पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है।

फिलहाल डॉ. अरूणा की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। रिम्स प्रशासन ने कहा है कि वह हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटा है।

इस घटना ने रिम्स में कार्यरत डॉक्टरों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और डॉ. अरूणा की स्वास्थ्य स्थिति पर टिकी हैं।

रिम्स में मचा हड़कंप : चाय पीते ही बेहोश हुईं महिला डॉक्टर, वेंटिलेटर पर हालत नाजुक रिम्स में मचा हड़कंप : चाय पीते ही बेहोश हुईं महिला डॉक्टर, वेंटिलेटर पर हालत नाजुक Reviewed by PSA Live News on 3:51:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Blogger द्वारा संचालित.