पुंदाग में 22 मार्च को गूंजेगा भक्ति का महासंगम

श्री बेरीवाली माता का महामंगल महिमा पाठ, भजन संध्या व छप्पन भोग का भव्य आयोजन


रांची:
राजधानी रांची के पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम परिसर में अवस्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में आगामी 22 मार्च को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत एक भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री बेरीवाली माता का महामंगल महिमा पाठ एवं भजन संध्या का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसे लेकर क्षेत्र सहित दूर-दराज के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस दिव्य आयोजन का आयोजन विद्या देवी एवं उनके परिवार द्वारा गहरी आस्था और समर्पण भाव के साथ किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान माता का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठेगा। माता की दिव्य ज्योति का आवाह्न भी किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था और श्रद्धा का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत मेहंदी उत्सव, चुनरी उत्सव एवं गजरा उत्सव जैसे पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जाएगा। इन विशेष आयोजनों के माध्यम से भक्तजन माता के प्रति अपनी श्रद्धा, समर्पण और भक्ति भाव को अभिव्यक्त करेंगे। पूरे आयोजन में भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगी।

इस अवसर पर प्रसिद्ध मंगल पाठ वाचिका एवं भजन गायिका मधु केडिया द्वारा महामंगल महिमा पाठ प्रस्तुत किया जाएगा। उनके मधुर और भावपूर्ण भजनों से उपस्थित श्रद्धालु भक्तिरस में डूब जाएंगे। भजन संध्या के दौरान माता की महिमा का गुणगान करते हुए धर्म, सेवा और आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

कार्यक्रम के समापन पर माता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जो सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र और विशेष महत्व रखता है। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा, जिससे सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी प्रसारित होगा।

कार्यक्रम के संयोजक राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं।

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि श्री बेरीवाली माता को शक्ति, कृपा और कल्याण की अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजा जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्चे मन और निष्काम भाव से माता की आराधना करने पर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश भी देगा। निश्चित रूप से यह भव्य आयोजन श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव सिद्ध होगा।

पुंदाग में 22 मार्च को गूंजेगा भक्ति का महासंगम पुंदाग में 22 मार्च को गूंजेगा भक्ति का महासंगम Reviewed by PSA Live News on 8:09:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Blogger द्वारा संचालित.