डीजे बजाने से मना करने पर खूनी संघर्ष, युवक की चाकू से हत्या — तीन गंभीर घायल

 


गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुट्टी बाजार स्थित रविदास टोला में गुरुवार की रात डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में चाकू और उस्तरा से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

मृतक की पहचान अजय दास के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात मोहल्ले में कुछ युवक तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने देर रात होने का हवाला देते हुए डीजे बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने चाकू और उस्तरा निकालकर हमला कर दिया। इस दौरान अजय दास पर कई बार वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं बीच-बचाव करने आए तीन अन्य लोग भी हमले में बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अजय दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना स्थल से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

नगर थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में डीजे बजाने को लेकर विवाद के बाद यह घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

घटना के बाद रविदास टोला सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीजे बजाने से मना करने पर खूनी संघर्ष, युवक की चाकू से हत्या — तीन गंभीर घायल डीजे बजाने से मना करने पर खूनी संघर्ष, युवक की चाकू से हत्या — तीन गंभीर घायल Reviewed by PSA Live News on 11:31:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Blogger द्वारा संचालित.