जमशेदपुर। शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक खौफनाक उदाहरण रविवार देर रात सामने आया, जब बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने रेलवे के लोको पायलट जी.के. गौतम की बेहद नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना टाटानगर स्टेशन टीओपी से महज कुछ ही दूरी पर स्थित बागबेड़ा थाना क्षेत्र में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोको पायलट जी.के. गौतम रविवार रात कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी समाप्त करने के बाद वे पैदल ही रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित संयुक्त चालक एवं परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लॉबी गेट के समीप पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने बिना किसी बातचीत या चेतावनी के गौतम के सिर में पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और रेलवे कर्मियों ने घायल गौतम को आनन-फानन में रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि जी.के. गौतम रेलवे सेवा के साथ-साथ जमीन की खरीद-बिक्री के व्यवसाय से भी जुड़े हुए थे। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कोई पुराना विवाद या कारोबारी रंजिश तो कारण नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब घटना रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके के बेहद करीब हुई हो। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।
Reviewed by PSA Live News
on
5:19:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: