ब्लॉग खोजें

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

"तम्बाकू का नशा जीवन का नाश करता है, राजयोग है व्यसनों से मुक्ति का प्रभावी मार्ग" : ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन


राँची, 30 मई।
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस सप्ताह के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र, चौधरी बगान, हरमू रोड में शनिवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तम्बाकू, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य नशे की वस्तुओं से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने तम्बाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, मानसिक तनाव और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नशामुक्त समाज निर्माण का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड उच्च न्यायालय के कोर्ट मास्टर दीप रंजन ने कहा कि आज का व्यक्ति पारिवारिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक दबावों के बीच जीवन व्यतीत कर रहा है। बढ़ती प्रतिस्पर्धा और तनाव के कारण अनेक लोग तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट और शराब जैसी हानिकारक वस्तुओं का सेवन करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि लोग इन्हें तनाव दूर करने का साधन समझते हैं, जबकि वास्तव में यह एक धीमा जहर है जो धीरे-धीरे व्यक्ति के शरीर और मन दोनों को खोखला कर देता है।

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बुरी संगति के कारण कम उम्र के बच्चे भी तम्बाकू और नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे में परिवार, विद्यालय और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर युवाओं को सही दिशा देने की आवश्यकता है।

समाजसेवी अमित अग्रवाल ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को धीरे-धीरे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देती है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति एक बार इस लत का शिकार हो जाता है, उसके लिए इससे बाहर निकलना कठिन हो जाता है। उन्होंने राजयोग ध्यान को आत्मबल और इच्छाशक्ति बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति कठिन परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम बनता है तथा नकारात्मक विचारों से मुक्त होकर सकारात्मक जीवन जी सकता है।

इस अवसर पर रोटेरियन प्रवीन राजगढ़िया ने कहा कि आज के दौर में केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा सिखाया जाने वाला राजयोग ध्यान व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि तम्बाकू का नशा वास्तव में जीवन का नाश करता है। उन्होंने कहा कि यह विडम्बना है कि देश ने विदेशी शासन से तो मुक्ति पा ली, लेकिन आज भी अनेक लोग सिगरेट, बीड़ी और गुटखा जैसी आदतों के गुलाम बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य स्वयं अपने मुख से आग निगल रहा है और समाज में बुराइयों का धुआँ फैला रहा है।

निर्मला बहन ने कहा कि राजयोग ध्यान एक ऐसी आध्यात्मिक चिकित्सा पद्धति है जो व्यक्ति के मन, बुद्धि और संस्कारों को शुद्ध बनाती है। जब व्यक्ति ईश्वर से आत्मिक संबंध स्थापित करता है तो उसके भीतर आत्मबल का विकास होता है और नशे की लालसा स्वतः कम होने लगती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति तम्बाकू का सेवन पूरी तरह छोड़ देता है तो उसके शरीर पर पड़ने वाले अनेक हानिकारक प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त होने लगते हैं तथा कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है।

उन्होंने कहा कि राजयोग केवल तनावमुक्ति का साधन नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। इसका अभ्यास व्यक्ति के विचारों, व्यवहार और जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाता है। वहीं तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट और गुटखा जैसी आदतें व्यक्ति के स्वास्थ्य, व्यक्तित्व और सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचाती हैं तथा उसकी कार्यक्षमता को भी प्रभावित करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भविष्य में सिगरेट, गुटखा, तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने की शपथ ली।

अंत में ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से बताया गया कि चौधरी बगान, हरमू रोड स्थित सेवा केन्द्र में प्रतिदिन संध्या 4:30 बजे से 6:30 बजे तक तथा प्रातः 7:30 बजे से 8:30 बजे तक निशुल्क राजयोग ध्यान प्रशिक्षण कराया जाता है, जिसमें कोई भी व्यक्ति भाग लेकर मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक जीवन का अनुभव प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तम्बाकू मुक्त समाज निर्माण का संकल्प लेते हुए जन-जागरूकता अभियान को और अधिक व्यापक बनाने पर बल दिया।

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित Reviewed by PSA Live News on 9:56:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.