मारवाड़ी ब्राह्मण सभा करेगी हवन, शोभायात्रा और प्रसाद वितरण
रांची। राजधानी रांची की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था मारवाड़ी ब्राह्मण सभा द्वारा बुधवार, 30 अप्रैल 2025 को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
विदित हो कि वैशाख शुक्ल पक्ष की अक्षय तृतीया, विक्रम संवत 2082, को भगवान परशुराम जी का अवतरण दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में मारवाड़ी ब्राह्मण सभा द्वारा दिनभर विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
संस्था के अध्यक्ष श्री अशोक पुरोहित और मंत्री श्री कृष्ण लाल शर्मा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9:00 बजे सालासर मंदिर प्रांगण में हवन और पूजन से होगी। मुख्य पुरोहित पंडित श्याम सुंदर भारद्वाज के आचार्यत्व में, यजमान श्री महेंद्र शर्मा सपत्नी विधिपूर्वक हवन संपन्न कराएंगे।
इसके बाद अपराह्न 3:00 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 301 निशान ध्वज, भजन मंडलियां, अनुपम झांकियां, ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजा आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शोभायात्रा ब्राह्मण भवन से प्रारंभ होकर कार्ट सराय रोड, ईस्ट मार्केट रोड, मारवाड़ी टोला, गांधी चौक, शहीद चौक, जैन मंदिर रोड, बड़ा लाल स्ट्रीट और सेवा सदन पथ होते हुए पुनः ब्राह्मण भवन लौटेगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए धर्मचंद शर्मा और कमल शर्मा को संयोजक बनाया गया है। सह संयोजक के रूप में श्रीमती ममता शर्मा, सुनील शर्मा, राहुल शर्मा, मनीष शर्मा, आकाश शर्मा और श्रीमती पिंकी शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संस्था के पूर्व अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं और सभी सदस्य उत्साहपूर्वक कार्य कर रहे हैं। वहीं पूर्व अध्यक्ष रवि शंकर शर्मा ने जानकारी दी कि शोभायात्रा के समापन के उपरांत सायं 6:30 बजे आरती एवं सायं 7:00 बजे से प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
रात्रि 7:30 बजे से भगवान परशुराम के जन्मोत्सव उपलक्ष्य में सामूहिक प्रसाद वितरण कार्यक्रम भी होगा। आयोजन समिति ने समाज के समस्त बंधुओं और बहनों से इन कार्यक्रमों में सपरिवार भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें