श्री राम लला पूजा समिति ने किया भूमि पूजन, शुरू हुआ भव्य दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण

भुज के स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर बनेगा झारखंड का सबसे बड़ा पंडाल


रांची। 
श्री राम लला पूजा समिति, रांची द्वारा इस वर्ष श्री दुर्गा पूजा का आयोजन जिले के ऐतिहासिक जिला स्कूल मैदान में भव्य स्तर पर किया जा रहा है। गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिविधान के साथ समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी, महासचिव कुणाल अजमानी और समिति के सदस्यों की उपस्थिति में भूमि पूजन सह खूंटी पूजन सम्पन्न हुआ। इसी के साथ भव्य पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया।

समिति ने इस बार गुजरात के भुज स्थित स्वामीनारायण मंदिर के अद्भुत स्वरूप पर आधारित पंडाल बनाने का निर्णय लिया है। सफेद संगमरमर जैसी आभा से सजा यह पंडाल श्रद्धालुओं को मानो वास्तविक मंदिर की अनुभूति कराएगा।

100 कारीगर करेंगे निर्माण कार्य
पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी कोलकाता के लगभग 100 कुशल कारीगरों को सौंपी गई है। मंदिर के स्तम्भ, शिखर और अन्य डिजाइनों का निर्माण पहले से ही बंगाल में किया गया है, जिन्हें अब स्थल पर स्थापित किया जाएगा। समिति ने बताया कि समय कम होने के बावजूद पंडाल समय से पहले तैयार कर भक्तों के लिए दर्शनार्थ खोल दिया जाएगा।

अद्भुत भव्यता और अलौकिक सजावट
समिति के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत ने बताया कि इस बार पूजा पंडाल न केवल झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के सबसे बड़े और अद्भुत पंडालों में शुमार होगा। माँ दुर्गा की विशाल और अलौकिक प्रतिमा भक्तों को मंत्रमुग्ध करेगी। साथ ही, देश के विभिन्न हिस्सों से लाई गई हाई-टेक लाइटिंग और सजावट पंडाल को और भी भव्य रूप देगी।

समिति अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और दर्शन की आसान व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

खूंटी पूजन में गणमान्य लोग रहे उपस्थित
भूमि पूजन सह खूंटी पूजन के इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे। इनमें समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी, महासचिव कुणाल अजमानी, प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत, प्रकाश धेलिया, विकास सिंह, डॉ. दिलीप सोनी, शम्भू प्रसाद, निर्मल जालान, दीपक चौधरी, बादल सिंह, कमलेश शर्मा, महेश सोनी, भाविन राठौर, दिलीप जायसवाल, प्रेमचंद श्रीवास्तव, अनिल चौधरी, शुभम शर्मा, स्पर्श चौधरी, अभिषेक चौधरी, कृष्णा अग्रवाल और रंजन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

इस वर्ष का यह पंडाल पूरे झारखंड का सबसे बड़ा पूजा स्थल होगा और श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। नवरात्र के दौरान लाखों भक्त माँ के भव्य दरबार में दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे।

श्री राम लला पूजा समिति ने किया भूमि पूजन, शुरू हुआ भव्य दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण श्री राम लला पूजा समिति ने किया भूमि पूजन, शुरू हुआ भव्य दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण Reviewed by PSA Live News on 8:06:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Blogger द्वारा संचालित.