श्रद्धा और आस्था का संगम: कृष्णा नगर से 81 श्रद्धालुओं का जत्था तख्त साहिब के दर्शन को रवाना


रांची, 26 मार्च (गुरुवार) । 
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी से गुरुवार को सिख पंथ के पवित्र तख्त साहिबों के दर्शन के लिए 81 श्रद्धालुओं का एक भव्य जत्था रवाना हुआ। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत यह जत्था शाम 6:15 बजे राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया, जहां से आगे की यात्रा शताब्दी एक्सप्रेस द्वारा अमृतसर तक होगी।

इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु तीन दिनों तक अमृतसर में प्रवास करेंगे और तख्त श्री हरमंदिर साहिब, बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा सहित अन्य प्रमुख गुरुद्वारों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात 31 मार्च की सुबह जत्था बस द्वारा आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केशगढ़ साहिब के लिए रवाना होगा, जहां दो दिवसीय प्रवास के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया जाएगा।

यात्रा के अगले चरण में 2 अप्रैल को श्रद्धालु पंजाब के भटिंडा स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब पहुंचेंगे। यहां दर्शन के उपरांत जत्था उसी रात लुधियाना स्थित गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब पहुंचेगा, जहां विश्राम किया जाएगा। लुधियाना में श्रद्धालु तड़के 3:00 बजे आयोजित श्री गुरुशरण सिंह जी के अमृत साधना कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

इसके बाद 4 अप्रैल को जत्था शताब्दी एक्सप्रेस से लुधियाना से दिल्ली पहुंचेगा और उसी दिन शाम को राजधानी एक्सप्रेस से रांची के लिए प्रस्थान करेगा। 5 अप्रैल को जत्थे की सकुशल वापसी निर्धारित है।

इस धार्मिक यात्रा का नेतृत्व इंदर मिड्ढा और हरीश अरोड़ा कर रहे हैं। जत्थे में 6 बच्चे और 35 महिलाएं शामिल हैं, जो इस यात्रा को और भी विशेष बनाता है।

सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी श्रद्धालु गुरुवार को शाम 4 बजे गुरुद्वारा परिसर से एक साथ ऑटो द्वारा रांची रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। प्रस्थान से पूर्व गुरुद्वारा परिसर में विधिवत अरदास की गई, जिसके बाद सत्संग सभा कमेटी द्वारा सभी श्रद्धालुओं को माला पहनाकर भावभीनी विदाई दी गई।

इस अवसर पर सभा के सचिव सुरेश मिड्ढा, मनीष मिड्ढा, सुरज झंडई एवं अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को सफल यात्रा और मंगलमय दर्शन की शुभकामनाएं दीं। समाजसेवी राजकुमार तलेजा द्वारा यात्रियों के लिए शीतल पेय एवं पानी की विशेष सेवा भी की गई।

रवाना हुए श्रद्धालुओं में सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा, द्वारका दास मुंजाल, हरगोविंद सिंह, लक्ष्मण दास मिड्ढा, वेद प्रकाश मिड्ढा, रमेश पपनेजा, गोविंद तलेजा, अमरजीत बेदी, गुलशन मुंजाल, रमेश गिरधर, विजय कटारिया, सुरजीत मुंजाल, भगवान थरेजा, गीता कटारिया, रजनी तेहरी, पूनम काठपाल, इंदु पपनेजा, नीता मिड्ढा, कंचन गिरधर, पूनम बजाज, कमलेश मुंजाल, किरण तलेजा, अनीता थरेजा, कांता मिड्ढा, प्रेमी काठपाल, बिमला मुंजाल, पूनम मुंजाल, दुर्गी देवी मिड्ढा एवं राज कौर काठपाल सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।

यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता, सेवा और समर्पण की भावना को भी सुदृढ़ करती है।

श्रद्धा और आस्था का संगम: कृष्णा नगर से 81 श्रद्धालुओं का जत्था तख्त साहिब के दर्शन को रवाना श्रद्धा और आस्था का संगम: कृष्णा नगर से 81 श्रद्धालुओं का जत्था तख्त साहिब के दर्शन को रवाना Reviewed by PSA Live News on 10:57:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Blogger द्वारा संचालित.