भव्य नगर कीर्तन को लेकर कृष्णा नगर गुरुद्वारा में तैयारियां पूरी, कल सुबह 4:45 बजे निकलेगी श्रद्धा और आस्था की विशाल शोभायात्रा
रांची। कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब में वैसाखी पर्व एवं श्री गुरु अंगद देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले दसवें महान कीर्तन दरबार को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा और गुरु नानक सेवक जत्था के संयुक्त तत्वावधान में 18 एवं 19 अप्रैल को भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत 17 अप्रैल को निकलने वाले नगर कीर्तन से होगी।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल की सुबह 4:45 बजे गुरुद्वारा साहिब के दर्शन दिउड़ी गेट से भव्य नगर कीर्तन का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान पांच प्यारों और पांच निशानचियों की अगुवाई में पुष्प सजे वाहन पर विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पूरे कृष्णा नगर कॉलोनी क्षेत्र का भ्रमण कराया जाएगा। नगर कीर्तन के दौरान गुरु नानक सत्संग सभा की कीर्तन मंडली द्वारा पूरे मार्ग में शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
नगर कीर्तन के मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत दो विशेष दीवान भी सजाए जाएंगे। पहला दीवान 18 अप्रैल को रात्रि 8:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरा दीवान 19 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित होगा। इन दीवानों में सिख पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनी जत्था भाई सरबजीत सिंह जी (पटना साहिब) विशेष रूप से उपस्थित होकर साध-संगत को शबद-कीर्तन से निहाल करेंगे।
इसके साथ ही 19 अप्रैल को गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा गुरुद्वारा साहिब के बेसमेंट में सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। दोनों दीवानों के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा।
गुरु नानक सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि नगर कीर्तन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बीती रात गुरु नानक सेवक जत्था के सदस्यों द्वारा गुरुद्वारा परिसर की व्यापक साफ-सफाई की गई तथा पूरे परिसर को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। पुष्प सजावट का कार्य भी प्रारंभ किया जा रहा है।
नगर कीर्तन के मार्ग पर साफ-सफाई, जल छिड़काव एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव डिप्टी मेयर नीरज कुमार एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता के सहयोग से कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गुरुद्वारा परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं में गुरु नानक सेवक जत्था के कई सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिनमें सूरज झंडई, करण अरोड़ा, पीयूष मिड्ढा, विशेष काठपाल, इनिश काठपाल, वंश डावरा, रूद्र गिरधर, गीत सचदेवा, अमन डावरा, जय अरोड़ा, हर्ष सरदाना, दीपु खीरबाट, मानस मिड्ढा, बख्श मिड्ढा, बेअंत मिड्ढा, गनु मिड्ढा, हरप्रीत मुंजाल, गीतांशु तेहरी, विन्नी खत्री, रोहित मिड्ढा, सार्थक अरोड़ा, सक्षम तेहरी, हरविंदर सिंह, निश्चय मुंजाल, सतिंदर सिंह, कशिश नागपाल, मयंक मक्कड़, राकेश घई, यश बेदी, पुरू अरोड़ा, दीपक बजाज, आशा मिड्ढा, शाना मिड्ढा, पल्लवी तेहरी, इशा अरोड़ा, ताशु तेहरी, भाविका मिड्ढा, हर्षल मिड्ढा, मायरा गिरधर, गाथा मिड्ढा, हिमानी मिड्ढा, मिताली तेहरी, रिशा मुंजाल समेत अन्य शामिल रहे।
पूरे आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और कृष्णा नगर क्षेत्र में एक बार फिर आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
9:19:00 pm
Rating:




कोई टिप्पणी नहीं: