रांची। मां जानकी नवमी के पावन अवसर पर बाबा विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला, जहां भक्तों की आस्था और समर्पण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ मां जानकी की पूजा-अर्चना से की गई। इसके पश्चात महान कवि बाबा विद्यापति द्वारा रचित प्रसिद्ध आरती “जय-जय भैरवी असुर भयावाणी” के सामूहिक गायन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। आरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर मां जानकी की भक्ति में लीन नजर आए।
इस पावन अनुष्ठान में पंडित के रूप में पंडित श्री संतोष मिश्रा ने पूजा संपन्न कराई, जबकि यजमान के रूप में मनोज झा ने पूरे विधि-विधान के साथ धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन किया। कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं ने एकजुट होकर मां जानकी की पूजा-अर्चना की और विश्व शांति, समृद्धि एवं मानव कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित भक्तजनों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और सभी ने प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
इस अवसर पर समिति के मुख्य महासचिव श्री मृत्युंजय झा सहित मनोज झा, संतोष मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा, छवि झा, रामवृक्ष शर्मा, पवन सोनी, राजेश कुमार झा समेत कई गणमान्य सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी के सक्रिय सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है और आपसी भाईचारा तथा सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।
Reviewed by PSA Live News
on
10:07:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: