रांची। कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में शुकराना समागम के उपलक्ष में रविवार, 26 अप्रैल को विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन हाल ही में संपन्न हुए दसवें महान कीर्तन दरबार की सफलता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा एवं गुरु नानक सेवक जत्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष दीवान की शुरुआत सुबह 7:30 बजे होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी द्वारा “आसा दी वार” कीर्तन से किया जाएगा, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा।
इसके उपरांत साध संगत द्वारा श्री जपुजी साहिब जी का सामूहिक पाठ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आगे श्री आनंद साहिब जी का पाठ, अरदास एवं हुकुमनामा के साथ यह धार्मिक दीवान प्रातः 9:15 बजे संपन्न होगा।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते का लंगर भी चलाया जाएगा, जिसमें सभी संगत को सेवा और प्रसाद ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी क्रम में 30 अप्रैल, बृहस्पतिवार को धन-धन श्री गुरु अमर दास जी का पावन प्रकाश पर्व भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर की तैयारी के तहत स्त्री सत्संग सभा एवं अन्य श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिदिन तीन सहज पाठ किए जा रहे हैं, जिनका सामूहिक भोग प्रकाश पर्व के दिन होगा।
उन्होंने आगे बताया कि प्रकाश पर्व के दिन विशेष दीवान के साथ-साथ गुरु का अटूट लंगर भी श्रद्धालुओं के लिए निरंतर चलता रहेगा। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे गुरुद्वारा परिसर पूरी तरह भक्ति, सेवा और श्रद्धा के रंग में सराबोर रहेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
11:26:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: