सिसई (गुमला), 26 अप्रैल: गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में जबरन धर्मांतरण को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। बसिया रोड निवासी शिवकुमार साहू ने अपनी पत्नी एवं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर मानसिक दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में सिसई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवकुमार साहू का विवाह वर्ष 2015 में खूंटी जिले के पिपराटोली निवासी खुशबू कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज एवं विधिवत कोर्ट मैरिज के तहत हुआ था। विवाह के बाद प्रारंभिक समय में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद शिवकुमार को यह जानकारी मिली कि उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष पहले से ही ईसाई धर्म का पालन करते हैं।
शिवकुमार का आरोप है कि उनकी पत्नी और साली धर्म प्रचार से जुड़ी हुई हैं और उन्होंने लगातार उन पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार, उसे बाइबल पढ़ने के लिए बाध्य किया गया और लगातार तीन दिनों तक चर्च ले जाया गया। इतना ही नहीं, सास द्वारा प्रलोभन भी दिया गया कि यदि वह धर्म परिवर्तन कर लेता है तो उसे मिशन अस्पताल में नौकरी दिला दी जाएगी, अन्यथा उसे अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया जाएगा।
मानसिक दबाव और पारिवारिक तनाव से परेशान होकर शिवकुमार अपने बच्चे को लेकर सिसई स्थित अपने घर लौट आया। आरोप है कि बीती रात उसकी पत्नी अचानक उसके घर पहुंची और वहां रखे हिंदू देवी-देवताओं के चित्र, बजरंगबली का झंडा तथा तुलसी का पौधा उखाड़कर फेंक दिया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न के कारण वह किसी गंभीर कदम उठाने के लिए मजबूर हो सकता है। उसने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में सिसई थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर सच्चाई का पता लगाने और कानून के अनुरूप आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
यह मामला न केवल पारिवारिक विवाद बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता और व्यक्तिगत अधिकारों से भी जुड़ा हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन इस संवेदनशील मामले में किस तरह संतुलित कार्रवाई करता है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:51:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: