रांची। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण पर रोक लगाने के उद्देश्य से राँची नगर निगम की विजिलेंस टीम ने मंगलवार को कर्बला चौक से बहुबाजार तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
अभियान के तहत सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से कई अवैध गुमटियों को ध्वस्त किया। साथ ही, फुटपाथ और सड़क पर कब्जा जमाकर चलाए जा रहे होटल और दुकानों के तिरपाल, चूल्हे तथा अन्य सामान को मौके पर ही जब्त या हटाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए की जा रही है। अभियान के दौरान जिन दुकानदारों ने अपने व्यापार से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत किए, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों का नवीनीकरण (रिन्यूअल) कराने का निर्देश दिया गया।
वहीं, जिन दुकानदारों के पास किसी प्रकार का वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं पाई गई, उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए दो दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि तय समय सीमा के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो निगम द्वारा पुनः अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदारों की होगी।
नगर निगम के इस अभियान से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखी गई, वहीं आम नागरिकों ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे सड़कें साफ होंगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। निगम प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी शहर के विभिन्न इलाकों में इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
======================
(रिपोर्ट: PSA Live News)
Reviewed by PSA Live News
on
5:00:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें