रांची/सिमडेगा, 26 अप्रैल 2026: रांची मंडल में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिमडेगा में सक्रिय एक टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर की गई, जिसमें RPF बानो पोस्ट, अपराध शाखा (CIB) रांची और स्थानीय पुलिस के संयुक्त प्रयास से अवैध टिकट कारोबार का भंडाफोड़ हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 अप्रैल 2026 को सिमडेगा बस स्टैंड के समीप स्थित “देवा ट्रैवल्स” नामक दुकान में अवैध रूप से रेलवे टिकटों की बिक्री की गुप्त सूचना RPF को मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए 25 अप्रैल को RPF एवं CIB की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस (LPS सिमडेगा) के सहयोग से उक्त दुकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुकान संचालक देवानंद यादव (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी आवगा घरसा, थाना बोलबा, जिला सिमडेगा को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लैपटॉप एवं मोबाइल फोन जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी दो IRCTC पर्सनल यूजर आईडी का दुरुपयोग कर अवैध रूप से रेलवे ई-टिकट बनाकर बेच रहा था।
कार्रवाई के दौरान कुल 35 रेलवे टिकट बरामद किए गए, जिनमें 3 वर्तमान (करंट) टिकट और 32 पुराने टिकट शामिल हैं। इन टिकटों की कुल कीमत लगभग ₹1,21,000 आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रत्येक टिकट पर ₹200 से ₹500 तक अतिरिक्त कमीशन वसूलता था। इसके अलावा, वह अन्य लोगों से काउंटर टिकट खरीदकर उन्हें अधिक दाम पर बेचने का भी काम करता था।
RPF अधिकारियों के अनुसार, यह गतिविधि रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत दंडनीय अपराध है, जिसके तहत आरोपी को गिरफ्तार कर RPF पोस्ट बानो लाया गया। इस मामले में 25 अप्रैल 2026 को विधिवत केस दर्ज कर लिया गया है और 26 अप्रैल को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदें और किसी भी प्रकार के दलालों से सावधान रहें। साथ ही, ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत RPF या संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि इस प्रकार के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Reviewed by PSA Live News
on
5:49:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: