PoK में ढेर हुआ पुलवामा हमले से जुड़ा आतंकी हमजा बुरहान, मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंक के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले और 2020 के ग्रेनेड हमले से जुड़े कुख्यात आतंकी हमजा बुरहान उर्फ अरजमंद गुलजार डार की मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने PoK के मुजफ्फराबाद स्थित AIMS कॉलेज के बाहर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, हमजा बुरहान आतंकी संगठन अल-बद्र का सक्रिय कमांडर था और लंबे समय से पाकिस्तान में रहकर जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की भर्ती, फंडिंग और कट्टरपंथी नेटवर्क को संचालित कर रहा था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसे वर्ष 2022 में यूएपीए (UAPA) के तहत घोषित आतंकवादी की सूची में शामिल किया था।
जानकारी के मुताबिक, हमजा बुरहान मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा इलाके का रहने वाला था। वह वर्ष 2017 में कानूनी दस्तावेजों के जरिए पाकिस्तान गया था, लेकिन बाद में आतंकी संगठन अल-बद्र में शामिल होकर आतंक गतिविधियों में सक्रिय हो गया। जांच एजेंसियों का मानना था कि वह पुलवामा हमले के षड्यंत्रकारियों में शामिल था, जिसमें CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2020 में पुलवामा में हुए ग्रेनेड हमले में भी उसका नाम सामने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बाइक से पहुंचे और कॉलेज के बाहर खड़े हमजा बुरहान पर बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। फिलहाल हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है।
बताया जा रहा है कि हाल के वर्षों में पाकिस्तान और PoK में कई आतंकियों को इसी तरह अज्ञात हमलावरों द्वारा निशाना बनाया गया है। सुरक्षा विशेषज्ञ इसे आतंकी संगठनों के भीतर बढ़ती अंदरूनी लड़ाई, गुटबाजी और खुफिया स्तर पर चल रही कार्रवाई से जोड़कर देख रहे हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
3:04:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: