ब्लॉग खोजें

प्रिंस खान के नाम पर होटल कैपिटोल हिल संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी, कारोबारी वर्ग में दहशत


रांची:
राजधानी रांची में गैंगस्टर के नाम पर रंगदारी मांगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शहर के प्रतिष्ठित होटल कैपिटोल हिल से जुड़ा है, जहां होटल संचालक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। इस घटना के बाद शहर के कारोबारी वर्ग में चिंता और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, टिनू भाटिया को विदेशी नंबर से वॉयस कॉल और व्हाट्सएप कॉल किए गए। इसके साथ ही भेजे गए धमकी भरे संदेश में पहले "जोहार टिनू भाटिया जी" लिखकर संबोधित किया गया और फिर एक करोड़ रुपये की मांग रखी गई। संदेश में दावा किया गया कि उनके परिवार की पूरी रेकी कर ली गई है और एक इशारे पर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटोस रेस्टोरेंट जैसी घटना को अंजाम दिया जा सकता है।

मामले की सूचना मिलते ही रांची पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारी पीपी कंपाउंड स्थित टिनू भाटिया के आवास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। हालांकि देर शाम तक इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस धमकी देने वालों के नेटवर्क और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।

बताया जाता है कि भाटिया परिवार पहले भी अपराधियों के निशाने पर रह चुका है। परिवार के सदस्य अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया का पूर्व में अपहरण किया गया था, हालांकि पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया था।

हाल के दिनों में बढ़ीं रंगदारी की घटनाएं

गौरतलब है कि 2 जून को होटल जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक मिहिर घोष से भी प्रिंस खान के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इससे पहले मार्च 2026 में अलबर्ट एक्का चौक स्थित जयहिंद फार्मा के संचालक से एक करोड़ रुपये की मांग की गई थी।

जनवरी 2026 में एयरपोर्ट क्षेत्र के टीटोस रेस्टोरेंट संचालक से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं मिलने पर रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें एक वेटर की मौत हो गई थी। इसके अलावा नामकुम के जमीन कारोबारी सतीश कुमार महतो और सितंबर 2025 में व्यवसायी कृष्ण गोपालका को भी धमकी भरे कॉल और संदेश मिल चुके हैं।

पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राजधानी के व्यापारिक समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि धमकी देने वाले लोग वास्तव में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। वहीं कारोबारी संगठनों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

प्रिंस खान के नाम पर होटल कैपिटोल हिल संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी, कारोबारी वर्ग में दहशत प्रिंस खान के नाम पर होटल कैपिटोल हिल संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी, कारोबारी वर्ग में दहशत Reviewed by PSA Live News on 8:54:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.