ब्लॉग खोजें

सहयोग शिविर में डीएम-एसएसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 150 से अधिक आवेदन प्राप्त

मधवापुर के बासुकी बिहारी दक्षिणी पंचायत में आयोजित शिविर में योजनाओं की जानकारी के साथ शिकायतों का हुआ त्वरित निष्पादन



मधुबनी, 7 जुलाई।
प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को मधवापुर प्रखंड के बासुकी बिहारी दक्षिणी पंचायत स्थित मध्य विद्यालय बासुकी परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने एक स्थानीय बच्ची से दीप प्रज्वलित कर कराया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनी समस्याएं और आवेदन दर्ज कराए।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित करना, सरकारी योजनाओं की जानकारी पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है। उन्होंने सभी पंचायत एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों तथा कर्मियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

शिविर के दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित 70 से अधिक आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदनों की संख्या सर्वाधिक रही। प्राप्त आवेदनों में से 68 मामलों का निष्पादन कर दिया गया। इसके अलावा शिविर स्थल पर भी 150 से अधिक आवेदन जमा किए गए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किए जाने से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह देखने को मिला।

ग्रामीणों से संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुना। लोगों ने पंचायत में जलजमाव की समस्या, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सक की नियुक्ति, नल-जल योजना के सुचारु संचालन, नीचे लटक रहे बिजली तारों की मरम्मत तथा प्रखंड मुख्यालय में डिग्री कॉलेज की स्थापना जैसी मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विवाह योजना के अंतर्गत लाभुक ईश्वर देव पंडित को 50 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। वहीं बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना के तहत गुड़िया देवी को दो लाख रुपये तथा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के अंतर्गत ममता देवी को दो लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को शिविरों में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को पुलिस विभाग की सेवाओं, कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों तथा आपातकालीन सहायता सेवा डायल-112 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने की अपील की।

सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपने ही पंचायत स्तर पर प्रशासनिक सेवाएं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो रही है, जिससे उन्हें जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है।

जिले में मंगलवार को कुल 26 पंचायतों तथा सभी नगर निकायों के 15 वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। सभी शिविरों में जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों की उपस्थिति रही तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी आमजनों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय रूप से जुटे रहे।

शिविर में डीपीओ आईसीडीएस ललिता कुमारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी राजेश कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


सहयोग शिविर में डीएम-एसएसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 150 से अधिक आवेदन प्राप्त सहयोग शिविर में डीएम-एसएसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 150 से अधिक आवेदन प्राप्त Reviewed by PSA Live News on 11:00:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.