ब्लॉग खोजें

श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 273वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद महोत्सव संपन्न, भजन-जागरण में भक्ति रस में सराबोर हुए हजारों श्रद्धालु


रांची।
पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में 273वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद महोत्सव का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सेवा भाव से परिपूर्ण इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए।

महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। श्री राधा रानी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार आकर्षक आभूषणों, रंग-बिरंगे पुष्पों तथा मनमोहक सजावट से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर में प्रवेश करते ही भक्तों को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो रहा था। पूरे परिसर में भक्ति संगीत, पुष्प सज्जा और राधे-कृष्ण नाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि गूंज रही थी।

दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण को महाप्रसाद अर्पित किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच अन्नपूर्णा महाप्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ। महाप्रसाद में स्वादिष्ट एवं पौष्टिक मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, शीतल छाछ, लीची जूस तथा आलू चिप्स के पैकेट वितरित किए गए। लगभग 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भक्ति रस से ओत-प्रोत भजन संध्या एवं जागरण रहा। ट्रस्ट के भजन गायकों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी एवं श्याम प्रभु की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए तथा पूरे मंदिर परिसर में "राधे-राधे", "जय श्री कृष्ण" और "श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम" जैसे जयघोष लगातार गूंजते रहे।

भजन कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। महाआरती के दौरान पूरा वातावरण दीपों की रोशनी, घंटियों की ध्वनि और भक्तों के जयकारों से आलोकित हो उठा।

ट्रस्ट के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद कार्यक्रम का उद्देश्य केवल भोजन वितरण नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है। यह सेवा वर्षों से निरंतर जारी है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसका लाभ उठाते हैं।

उन्होंने बताया कि रविवार के विशेष आयोजन में लगभग चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए तथा धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। आयोजन के दौरान अनुशासन, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, विशाल जालान, आशुतोष कुमार मिश्रा, पवन पोद्दार, ज्ञान चंद्र शर्मा, अमिता जालान, सिद्धि जालान, सीमा कक्कड़, निमा कक्कड़, अनिल मस्करा, सुनीता मस्करा, सायरा मस्करा, विशाखा जालान, वंदना जालान, अविकल मस्करा सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

धार्मिक आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम बने इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सेवा एवं परोपकार की भावना को भी सुदृढ़ करने का कार्य किया।


श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 273वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद महोत्सव संपन्न, भजन-जागरण में भक्ति रस में सराबोर हुए हजारों श्रद्धालु श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 273वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद महोत्सव संपन्न, भजन-जागरण में भक्ति रस में सराबोर हुए हजारों श्रद्धालु Reviewed by PSA Live News on 8:02:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.