रांची जिले की 3.66 लाख महिलाओं को मिली बड़ी राहत, मंईयां सम्मान योजना की तीन माह की राशि खातों में पहुंची
रांची, 07 जुलाई 2026। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन द्वारा योजना के अंतर्गत अप्रैल 2026 से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि का एकमुश्त भुगतान लाभुकों के बैंक खातों में सफलतापूर्वक कर दिया गया है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है, जिससे पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हुई है।
जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार रांची जिले के 3 लाख 66 हजार 664 लाभुकों को योजना का लाभ प्रदान किया गया है। प्रत्येक लाभुक के खाते में तीन माह की कुल ₹7,500 सम्मान राशि हस्तांतरित की गई है। इस भुगतान के लिए कुल ₹274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये की राशि लाभुकों के बीच वितरित की गई है। यह राशि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण तथा उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग प्रदान किया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में लाभुकों की संख्या उल्लेखनीय रही है। कांके प्रखंड में सर्वाधिक 31,094 महिलाओं को योजना का लाभ मिला, जबकि टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,006, मांडर में 22,885, सिल्ली में 21,031, बेड़ो में 20,519 तथा चान्हो में 19,299 लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई। इसके अतिरिक्त रातू, तमाड़, ओरमांझी, नामकुम, नगड़ी, बुढ़मू और अन्य प्रखंडों में भी हजारों महिलाओं को योजना का लाभ प्राप्त हुआ है।
जिला प्रशासन के अनुसार अधिकांश क्षेत्रों में भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जबकि बड़गाईं अंचल एवं ईटकी प्रखंड के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन क्षेत्रों के पात्र लाभुकों को भी जल्द ही योजना की राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
इस अवसर पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक ऐतिहासिक और प्रभावी पहल है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति बेहतर ढंग से कर सकेंगी तथा परिवार की आर्थिक व्यवस्था में भी योगदान दे सकेंगी।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में भुगतान अभी शेष है, वहां सभी पात्र लाभुकों का सत्यापन एवं भुगतान प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि योजना का लाभ हर पात्र महिला तक समय पर पहुंचे और कोई भी योग्य लाभुक इससे वंचित न रहे।
मंईयां सम्मान योजना के तहत तीन माह की एकमुश्त राशि मिलने से रांची जिले की लाखों महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूत बना रही है।
Reviewed by PSA Live News
on
12:26:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: