मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, रांची उपायुक्त ने की देर शाम समीक्षा; लापरवाही पर दो BLO पर्यवेक्षकों को शोकॉज
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), BLO पर्यवेक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने विधानसभा क्षेत्रवार Enumeration Form के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी ERO एवं AERO को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन अपने अधीन कार्यरत BLO एवं पर्यवेक्षकों की गतिविधियों की समीक्षा करें तथा प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक प्रपत्र का सावधानीपूर्वक परीक्षण आवश्यक है। उन्होंने BLO पर्यवेक्षकों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करने तथा प्रपत्रों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि संग्रहित सभी प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन प्रतिदिन निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
खराब प्रदर्शन पर दो पर्यवेक्षकों को कारण बताओ नोटिस
बैठक के दौरान सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के दो BLO पर्यवेक्षकों का प्रदर्शन असंतोषजनक पाया गया। समीक्षा में यह सामने आया कि श्री पंकज तिर्की एवं श्रीमती कमला एक्का द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई तथा वरीय अधिकारियों के निर्देशों का समुचित अनुपालन भी नहीं किया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दोनों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण होता है। ऐसे कार्यों में लापरवाही, उदासीनता, आदेशों की अवहेलना या कर्तव्यहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
29 जुलाई तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य
समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत Enumeration Form के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य 29 जुलाई 2026 तक हर हाल में पूर्ण गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
उन्होंने सभी BLO को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें तथा Enumeration Form का वितरण और संग्रहण करें। सुबह के समय अधिकांश लोग अपने घरों में उपलब्ध रहते हैं, जिससे प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकती है। इसके बाद दोपहर के समय संग्रहित प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर कार्य को गति दी जाए।
छूटे हुए मतदाताओं तक पुनः पहुंचने के निर्देश
उपायुक्त ने विशेष रूप से उन मतदाताओं पर ध्यान देने का निर्देश दिया जिनसे प्रथम प्रयास में संपर्क स्थापित नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों एवं मतदाताओं के घरों में पुनः जाकर प्रपत्र उपलब्ध कराने और उन्हें प्राप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पुनरीक्षण अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त किया जा सके।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का पूर्ण अनुपालन करते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें। मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसके लिए प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
Reviewed by PSA Live News
on
2:54:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: