रांची। अग्रसेन पथ स्थित अग्रसेन भवन में चल रही अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की श्रीमद् भागवत कथा के तृतीय दिवस में कथा वाचिका मां चैतन्य मीरा ने श्रद्धालुओं को जीवन का गूढ़ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “श्रीमद् भागवत कथा या श्रीराम कथा का श्रवण श्राद्ध पक्ष में करने से पितरों को शांति मिलती है और वे हमें आशीर्वाद प्रदान करते हैं।”
मां चैतन्य मीरा ने बताया कि कथा श्रवण केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की कला सिखाता है। इससे मनुष्य का मनुष्य और जीवों से प्रेम बढ़ता है तथा समाज में समरसता आती है। उन्होंने कहा—“श्रीमद् भागवत कथा ही एक ऐसा माध्यम है जो हमें सीधे श्रीकृष्ण से जोड़ती है। श्रीकृष्ण अपनी आराध्या राधारानी के बिना अधूरे हैं, इसलिए कथा श्रवण से हम दोनों की कृपा प्राप्त कर सकते हैं।”
गुरु मां ने यह भी स्पष्ट किया कि कथा सुनने के कुछ नियम हैं और जिन संतों ने उनका पालन किया, उन्होंने हरी को पा लिया। उन्होंने उद्धव चरित्र का उदाहरण देते हुए कहा कि “जो भी भगवान का सुमिरन करता है, उसका एकमात्र साधन श्रीमद् भागवत ही है।”
समाज सेवा का संदेश
कथा के दौरान गुरु मां ने देशभर में संचालित अपने नेचुरोपैथी आयुर्वेद हॉस्पिटल और रिट्रीट सेंटर की भी जानकारी दी। यहां बिना दवाइयों के मसाज थेरेपी, हाइड्रोथेरेपी, मडथेरेपी, ओजोन थेरेपी, योग, फिजियोथेरेपी, एक्यूप्रेशर, डाइट थेरेपी, स्टीम और जकूजी जैसी आधुनिक पद्धतियों से रोगियों का इलाज किया जाता है।
राधा रानी शिक्षा कोष की शुरुआत
इस अवसर पर मारवाड़ी महिला मंच, रांची शाखा की ओर से राधा रानी शिक्षा कोष की शुरुआत की गई। विशेष बात यह रही कि मंच की सदस्य अनीता गुप्ता की पोती झलक गुप्ता ने अपनी गुल्लक फोड़कर सबसे पहले योगदान दिया। प्रारंभ में ही मंच की महिलाओं ने मिलकर 51,000 रुपये इस कोष में जोड़े। कोष प्रभारी प्रभाकर अग्रवाल ने बताया कि इसके माध्यम से गरीब कन्याओं की शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे अवसर के अभाव में पिछड़ न जाएं।
गणमान्य अतिथि और सम्मान
कथा में अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। इस अवसर पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, संयुक्त महामंत्री एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।
व्यासपीठ से सुनयना लॉयलका, रमाशंकर बगड़िया, सुधा लीला, मंजू गुप्ता, प्रियंका जालान और रश्मि कनोई का सम्मान किया गया।
भक्ति और समर्पण का वातावरण
कार्यक्रम के अंत में समिति के सदस्यों ने आरती कर प्रसाद वितरण किया। आयोजन को सफल बनाने में रूपा अग्रवाल, अनसूया नेवटिया, अलका सरावगी, मधु सर्राफ, उर्मिला पाड़िया, नैना मोर, प्रीति बंका, मंजू केडिया, बीना मोदी, रीना सुरेखा, सुनैना लॉयलका, प्रीति फोगला सहित अनेक महिलाओं का योगदान रहा।
कथा के पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और समाज सेवा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
Reviewed by PSA Live News
on
11:49:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: