भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता लागू: ट्रंप ने टैरिफ हटाने पर किए हस्ताक्षर, भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा अब औपचारिक रूप से लागू हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ हटाने से जुड़े फैसले पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके साथ ही दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि यह ढांचा तुरंत प्रभाव से लागू होगा और इसके आधार पर व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Comprehensive Trade Deal) की दिशा में काम तेज़ किया जाएगा।
संयुक्त बयान में स्पष्ट किया गया है कि भारतीय उत्पादों पर लगाया गया 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ आज से समाप्त कर दिया गया है, जबकि कुछ श्रेणियों में औसतन 18 प्रतिशत टैरिफ ढांचा तय किया गया है। इससे भारत से अमेरिका को होने वाले निर्यात को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
कृषि और डेयरी सेक्टर को पूरी सुरक्षा
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने साफ शब्दों में कहा कि इस समझौते में भारत ने अपने संवेदनशील कृषि और डेयरी क्षेत्रों से कोई समझौता नहीं किया है।
मक्का, गेहूं, चावल, सोयाबीन, पोल्ट्री, दूध, चीज़, एथेनॉल, तंबाकू, कुछ सब्जियां और मांस उत्पादों को पूरी तरह संरक्षण में रखा गया है। सरकार का कहना है कि इससे किसानों, दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीण आजीविका पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।
मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात सेक्टर को बड़ा फायदा
इस समझौते से टेक्सटाइल, परिधान, लेदर, फुटवियर, प्लास्टिक, रबर, ऑर्गेनिक केमिकल, होम डेकोर, आर्टिजन उत्पाद और कुछ मशीनरी सेक्टर को बड़ा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा—
• जेनेरिक दवाओं पर टैरिफ शून्य किया जाएगा
• रत्न-हीरा उद्योग को राहत
• एयरक्राफ्ट पार्ट्स पर भी शून्य टैरिफ
• ऑटो पार्ट्स के लिए टैरिफ रेट कोटा (TRQ) लागू होगा
व्यापार संबंधों को मिलेगी नई ऊंचाई
विशेषज्ञों का मानना है कि यह अंतरिम समझौता भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में एक बड़ा मोड़ साबित होगा। इससे न केवल निर्यात बढ़ेगा, बल्कि निवेश, तकनीकी सहयोग और सप्लाई चेन में भी मजबूती आएगी।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि अंतिम और व्यापक व्यापार समझौता ऐसा होगा जिसमें भारत के राष्ट्रीय हित, किसानों, छोटे उद्योगों और रोजगार पर पूरी तरह ध्यान रखा जाएगा।
यह डील भारत के लिए आर्थिक कूटनीति की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं: