लोक भवन, रांची उद्यान में उमड़ा जनसैलाब: एक ही दिन में 49,124 लोगों ने किया भ्रमण, अब तक 1.07 लाख से अधिक दर्शक पहुंचे
रांची: माननीय राज्यपाल महोदय के निदेश पर लोक भवन, रांची स्थित भव्य उद्यान को आम नागरिकों के भ्रमण एवं परिदर्शन के लिए 2 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक खोल दिया गया है। इस पहल का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को अकेले 49,124 लोगों ने लोक भवन उद्यान का भ्रमण किया, जबकि अब तक कुल 1,07,183 नागरिक इस ऐतिहासिक और सुंदर परिसर को देख चुके हैं।
लोक भवन उद्यान अपने हरियाली भरे वातावरण, सुसज्जित पथों, आकर्षक फूलों की क्यारियों और शांत वातावरण के लिए लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। परिवारों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और युवाओं की भारी भीड़ यहां देखने को मिल रही है। लोग इसे एक यादगार अनुभव बता रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी उद्यान की तस्वीरें साझा कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि उद्यान भ्रमण का समय पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। भ्रमण के इच्छुक नागरिक लोक भवन के गेट संख्या–2 से प्रवेश कर सकते हैं, जहां सुरक्षा जांच के बाद उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। अंतिम प्रवेश समय दोपहर 1 बजे तक रखा गया है, ताकि लोग शांति से पूरे परिसर का परिदर्शन कर सकें।
सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही, स्वच्छता, पेयजल और मार्गदर्शन की भी उचित व्यवस्था की गई है।
लोक भवन उद्यान को आम जनता के लिए खोलने का निर्णय राज्यपाल महोदय की ओर से नागरिकों को प्रकृति, सौंदर्य और प्रशासनिक विरासत से जोड़ने की एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। जिस तरह से लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, उससे साफ है कि रांचीवासियों को यह अवसर बेहद पसंद आ रहा है।
Reviewed by PSA Live News
on
10:04:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: