वार्ड 34 में नव निर्वाचित पार्षद अजीत कच्छप की आभार यात्रा व होली मिलन समारोह, विकास और सौहार्द का दिया संदेश
सम्पादक :- अशोक कुमार झा ।
आभार यात्रा वार्ड 34 के विभिन्न मोहल्लों से होकर निकाली गई, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने पुष्पवर्षा कर नव निर्वाचित पार्षद का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक रंगों के साथ लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मौके पर पार्षद अजीत कच्छप ने कहा कि वे सभी जाति और सभी धर्मों के लोगों के लिए समान रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने वार्ड में ग्रीष्मकाल के दौरान उत्पन्न होने वाली पेयजल समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की बात कही। उन्होंने बताया कि तत्काल राहत के रूप में टैंकर और डीप बोरिंग के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, वहीं दीर्घकालीन समाधान के तौर पर पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति को सुचारु रूप से चलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में आदिवासियों की जमीन पर गैर-आदिवासियों द्वारा मौखिक खरीद-बिक्री (सादा पट्टा) के आधार पर बनाए गए घरों को कुछ लोगों द्वारा तोड़े जाने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्षद ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी का घर तोड़ना नहीं, बल्कि घरों को बचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक कानूनी विषय है और सभी कार्य कानून के दायरे में ही होंगे, लेकिन जो गरीब परिवार वर्षों की मेहनत से एक-एक रुपया जोड़कर किसी तरह अपना आशियाना खड़ा किए हैं, उनके घर उजड़ें नहीं—इसके लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे हमेशा गरीबों और कमजोर वर्गों के साथ खड़े रहेंगे।
अपराध पर नियंत्रण और नशाखोरी की समस्या को लेकर पार्षद अजीत कच्छप ने कहा कि वार्ड के संवेदनशील और आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में वार्ड के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अंत में आपसी भाईचारे, शांति और वार्ड के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Reviewed by PSA Live News
on
8:13:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: