ब्लॉग खोजें

बाबा विद्यापति स्मारक समिति के होली मिलन सह परिवार मिलन समारोह में रंगों, संगीत और संस्कृति का भव्य संगम


 रांची । बाबा विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय प्रांगण में धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ “होली मिलन सह परिवार मिलन समारोह” का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक आयोजन का उद्घाटन रांची के लोकप्रिय एवं माननीय विधायक सी.पी. सिंह ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे मिथिलांचल की पहचान को सहेजने वाली एक प्रेरणादायी संस्था बताया।

विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि आज के दौर में जब पारंपरिक लोकसंस्कृति और भाषाएँ हाशिये पर जा रही हैं, ऐसे समय में बाबा विद्यापति स्मारक समिति जैसी संस्थाएँ मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का काम कर रही हैं। उन्होंने समिति के कार्यों को मिथिलांचल की सबसे सक्रिय और लोकप्रिय पहलों में से एक बताते हुए समस्त मिथिलावासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

होली मिलन समारोह में रांची के मशहूर लोकगायक विनोद कुमार मंडल, लालूजी एवं ब्यासजी ने एक से बढ़कर एक प्रसिद्ध फगुआ गीत प्रस्तुत किए। फगुआ, होरी और पारंपरिक मैथिली गीतों की प्रस्तुति पर श्रोतागण झूम उठे और पूरा परिसर रंग, रस और संगीत के उल्लास से सराबोर हो गया।

समारोह में शामिल मिथिलावासियों ने परिवार के साथ मिलकर होली के पारंपरिक गीतों पर भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान मालपुआ, ठंडाई, भांग, भूंजा-चूड़ा तथा पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस आयोजन ने न केवल पर्व का उत्सव मनाया, बल्कि प्रवासी मिथिलावासियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बना।

बाबा विद्यापति स्मारक समिति के अध्यक्ष जयंन्त झा ने सभी उपस्थित मिथिलावासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए समिति के आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और मिथिला की परंपराओं के संरक्षण व प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

समारोह में मुख्य रूप से ज्ञानदेव झा, मृत्युंजय झा, उदित नारायण ठाकुर, पूर्णेन्दु ठाकुर, सौरभ कुणाल, जितेंद्र मिश्रा, विमलेश झा, वैद्य मनोज झा, मणिकांत ओझा, विश्व मोहन झा, दिनेश झा, अनुपम झा, राजेश कुमार झा, पंकज राय, मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में मिथिलावासी उपस्थित रहे। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के संयोजक अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद से जुड़े अमरनाथ झा, किशोर झा मालवीय, अजय झा, राधेश्याम यादव, सुजीत झा, सुनील सिंहा, प्रमोद वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

पूरे आयोजन का माहौल आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक एकता और उल्लास से भरा रहा। रंग, संगीत और स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों के साथ आयोजित यह होली मिलन समारोह मिथिलांचल की सांस्कृतिक जीवंतता का एक सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

बाबा विद्यापति स्मारक समिति के होली मिलन सह परिवार मिलन समारोह में रंगों, संगीत और संस्कृति का भव्य संगम बाबा विद्यापति स्मारक समिति के होली मिलन सह परिवार मिलन समारोह में रंगों, संगीत और संस्कृति का भव्य संगम Reviewed by PSA Live News on 9:13:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.