रांची। राजधानी रांची के नामकुम अंचल कार्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आमीन ने अंचलाधिकारी (सीओ) को उनके ही चैंबर में घुसकर गोली मारने की धमकी दे डाली। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले में अंचलाधिकारी की ओर से नामकुम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामकुम अंचल में पदस्थापित आमीन मो. सैयद अली के खिलाफ पिछले कुछ समय से आम जनता द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि वे अपने कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं तथा नियमित रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज नहीं कर रहे थे।
अंचलाधिकारी कमलकिशोर सिंह ने बताया कि विभागीय अनुशासन बनाए रखने और कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से संबंधित आमीन को कार्य से हटा दिया गया था। इसी कार्रवाई से नाराज होकर शनिवार को वह उनके चैंबर में पहुंचे और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, आमीन ने कहा कि यदि उनकी नौकरी पर आंच आई तो वह अंचलाधिकारी को गोली मार देंगे। इस धमकी के बाद कार्यालय कर्मियों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई।
अंचलाधिकारी ने नामकुम थाना में लिखित आवेदन देकर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानेदार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अंचल कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में इस प्रकार की धमकी की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संबंधित आमीन से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं: