ब्लॉग खोजें

मोहिनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सागर, श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में दिनभर चला भव्य अनुष्ठान


राँची, रातू रोड:
वैशाख शुक्ल पक्ष की पावन मोहिनी एकादशी के अवसर पर रातू रोड स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

मंदिर के पट प्रातः 7:00 बजे खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। “गोविंदा-गोविंदा” और “जय श्रीमन्नारायण” के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। इस अवसर पर भगवान श्रीमन्नारायण के दिव्य विग्रह का विश्वरूप दर्शन, सुप्रभातम्, मंगलाशासनम्, करावलंबम् तथा वेंकटेश स्तोत्रम् का विधिवत पाठ किया गया।

पांचरात्र आगम शास्त्र के अनुसार तिरूवाराधनम् का आयोजन किया गया, जिसके उपरांत दीपों की अलौकिक आभा के बीच नक्षत्र, कुंभ और कर्पूर की बातियों से भव्य महाआरती संपन्न हुई। घंटा-घड़ियाल की मंगल ध्वनियों और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण दिव्य हो उठा।

अनुष्ठान के दौरान अग्नि मुद्रा, सुरभि मुद्रा और ग्रास मुद्रा का प्रदर्शन कर भगवान को बालभोग अर्पित किया गया। बालभोग में फलाहारी व्यंजन जैसे साँवा दाना की खीर, आलू-साबूदाना खिचड़ी और आलू-कुट्टू आटे की पकौड़ी का विशेष भोग लगाया गया। इसके अतिरिक्त मध्याह्न एवं रात्रि राजभोग में एकादश प्रकार के व्यंजनों का प्रसाद अर्पित किया गया।

दिनभर श्रद्धालुओं ने भगवान वेंकटेश और माता महालक्ष्मी की अष्टोत्तर शतनाम अर्चना तथा श्रीविष्णु सहस्त्रनाम के पाठ में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंत्रोच्चार और भक्ति भाव ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

रात्रि 8 बजे ‘जो अच्युतानंद, जो-जो मुकुंदा’ लोरी गीत के मधुर गायन के साथ भगवान को फल एवं दूध का भोग लगाकर शयन कराया गया।

पूरे अनुष्ठान को मंदिर के अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम एवं श्री गोपेश आचार्य ने वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नरसरिया, राजेश सुलतानिया, रंजन सिंह, ओमप्रकाश गाड़ोदिया, शम्भुनाथ पोद्दार, प्रभाष मित्तल सहित कई श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मोहिनी एकादशी के इस भव्य आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को नई ऊंचाई दी, बल्कि पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी किया।

मोहिनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सागर, श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में दिनभर चला भव्य अनुष्ठान मोहिनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सागर, श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में दिनभर चला भव्य अनुष्ठान Reviewed by PSA Live News on 12:55:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.