डिजिटल प्रणाली से होगा मकान सूचीकरण, CMMS पोर्टल व मोबाइल ऐप के जरिए कार्य होगा पारदर्शी
राँची। भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को लेकर राँची जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार 27 अप्रैल 2026 से जिले के विभिन्न चार्ज स्तरों पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण 9 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
जिले के कुल 19 चार्जों में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान CMMS वेब पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे मकान सूचीकरण एवं गणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल, सटीक और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण सत्रों में स्व-जनगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया, जनगणना 2027 के विभिन्न चरण, कार्यप्रणाली, डेटा संग्रहण की तकनीक, तथा डिजिटल उपकरणों के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। साथ ही CMMS पोर्टल पर डेटा प्रबंधन की बारीकियों से भी प्रगणकों को अवगत कराया जा रहा है।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में चार्ज/नोडल पदाधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पूर्ण दक्षता के साथ मैदान में कार्य करने के लिए तैयार हो।
मुख्य तिथियाँ इस प्रकार हैं:
प्रशिक्षण अवधि: 27 अप्रैल 2026 से 9 मई 2026
स्व-जनगणना (Self Enumeration): 1 मई 2026 से 15 मई 2026
मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना: 16 मई 2026 से 14 जून 2026
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो। इसके तहत प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान का सूचीकरण करेंगे और आवश्यक आवासीय जानकारी एकत्रित करेंगे।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और राँची जिला इसे पूरी निष्ठा एवं प्रोफेशनल तरीके से संपन्न करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने की अपील की है।
जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी, सहायता या स्व-जनगणना पोर्टल के उपयोग के लिए नागरिक CMMS वेब पोर्टल एवं संबंधित मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं। जिला जनगणना कार्यालय, राँची द्वारा इस कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा रहा है, जबकि वरीय पदाधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण की गुणवत्ता की लगातार निगरानी भी की जा रही है।
Reviewed by PSA Live News
on
12:43:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: