ब्लॉग खोजें

जनसुनवाई में दिखी कलेक्टर की संवेदनशीलता, किडनी पीड़ित महिला के लिए तत्काल बुलाए डॉक्टर

दूर-दराज से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश


शहडोल।
कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सोन सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

जनसुनवाई के दौरान जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भमरहा के सरपंच रघुलाल ने आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के लंबित पारिश्रमिक भुगतान का मामला उठाया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं सिंहपुर निवासी रेखा मिश्रा ने नकबही नदी पर पुल निर्माण की मांग रखी, जबकि जैतपुर तहसील के ग्राम कदमहा की निवासी रमाता बाई ने पारिवारिक भूमि के फौती नामांतरण से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार ग्राम देवगवां की सरपंच चंद्रवती ने ग्राम कटहरी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत नल-जल योजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। वहीं शहडोल नगर के वार्ड क्रमांक 16 बड़ी भीट निवासी ललन सिंह एवं अश्वनी कुमार ने क्षेत्र में नाली निर्माण की समस्या को लेकर आवेदन सौंपा। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान एक भावुक और मानवीय पहलू भी सामने आया। एक पति-पत्नी अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्या को लेकर कलेक्टर के समक्ष पहुंचे। महिला ने बताया कि उसकी एक किडनी खराब हो चुकी है और आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह समुचित इलाज कराने में असमर्थ है। महिला की व्यथा सुनकर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने तत्काल संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मौके पर ही चिकित्सकों को बुलाया और महिला की विस्तृत चिकित्सकीय जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच रिपोर्ट एवं उपचार संबंधी समस्त जानकारी सीधे उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंद महिला को समय पर बेहतर उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा प्रत्येक पात्र नागरिक की समस्या का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र नागरिक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को दर्ज कर उनके निराकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की। जनसुनवाई के दौरान प्रशासन की सक्रियता और कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की संवेदनशील कार्यशैली की आम नागरिकों ने सराहना की। यह पहल न केवल लोगों की समस्याओं के समाधान का माध्यम बनी, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हुई।

जनसुनवाई में दिखी कलेक्टर की संवेदनशीलता, किडनी पीड़ित महिला के लिए तत्काल बुलाए डॉक्टर जनसुनवाई में दिखी कलेक्टर की संवेदनशीलता, किडनी पीड़ित महिला के लिए तत्काल बुलाए डॉक्टर Reviewed by PSA Live News on 10:21:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.