दिल्ली में सर्व जन विकास पार्टी की पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न, 545 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐतिहासिक फैसला
इंडिया गेट से राष्ट्रीय परिवर्तन का आह्वान, संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा ने कहा— "शहीदों के अधूरे सपनों का हिन्दुस्तान बनाना ही हमारा लक्ष्य"
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्व जन विकास पार्टी की पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की ऐतिहासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक के उपरांत पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने ऐतिहासिक इंडिया गेट पहुंचकर देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की तथा राष्ट्रहित में व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता पार्टी के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा ने की। इस अवसर पर सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित करते हुए यह निर्णय लिया गया कि आगामी आम चुनाव में पार्टी देश की सभी 545 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी का कहना है कि अब देश की राजनीति में एक वैकल्पिक और जनकेंद्रित सोच को स्थापित करने का समय आ गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि सर्व जन विकास पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक सामाजिक अभियान है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य उस हिन्दुस्तान का निर्माण करना है, जिसकी कल्पना देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने की थी।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद, खुदीराम बोस, भगत सिंह, लाला लाजपत राय, वीर कुंअर सिंह, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई सहित असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति इसलिए नहीं दी थी कि आजादी के बाद सत्ता कुछ लोगों तक सीमित रह जाए। उनका सपना एक ऐसा राष्ट्र था जहां समान अवसर, न्याय, पारदर्शिता और जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता हो। सर्व जन विकास पार्टी उन्हीं अधूरे सपनों को साकार करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और व्यवस्था की असमानताओं से जूझ रहा है, जबकि जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली सुविधाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। यह स्थिति लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप नहीं है। इसलिए पार्टी सत्ता में आने पर सांसद, विधायक, मंत्री और प्रधानमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों को मिलने वाले वेतन, भत्तों और अन्य सुविधाओं की व्यापक समीक्षा करेगी।
अशोक कुमार झा ने कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय बंद कमरों में नहीं बल्कि जनता की राय के आधार पर लिया जाएगा। देश के आम नागरिकों से सुझाव प्राप्त कर ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी जिसमें जनप्रतिनिधियों पर होने वाला सरकारी खर्च देश के सामान्य नागरिकों के औसत जीवन स्तर और आवश्यकताओं के अनुरूप हो। उनका कहना था कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि जनता के सेवक होते हैं, इसलिए उन्हें मिलने वाली सुविधाएं भी सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने वाली होनी चाहिए, न कि विशेषाधिकार का प्रतीक।
उन्होंने कहा कि यदि राजनीति से अनावश्यक आर्थिक आकर्षण समाप्त होगा तो वही लोग राजनीति में आएंगे जिनका उद्देश्य वास्तव में राष्ट्र और समाज की सेवा करना होगा। इससे राजनीति में ईमानदार, कर्मठ और जनहित के प्रति समर्पित लोगों का मार्ग प्रशस्त होगा तथा सत्ता को व्यक्तिगत लाभ का माध्यम बनाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा।
बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं और समाज के सभी वर्गों को जोड़ने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि देश के प्रत्येक राज्य, जिले, प्रखंड और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत बनाया जाएगा ताकि जनता की समस्याओं को सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जा सके।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने यह भी कहा कि पार्टी जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय विभाजन से ऊपर उठकर राष्ट्रहित की राजनीति करेगी। संगठन का मूल उद्देश्य सामाजिक न्याय, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, पारदर्शी शासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर, किसानों की आय में वृद्धि, महिलाओं की सुरक्षा तथा युवाओं के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना होगा।
बैठक के समापन के बाद इंडिया गेट परिसर में उपस्थित सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की शपथ ली। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संकल्प लिया कि वे राष्ट्रहित के प्रत्येक मुद्दे पर जनता की आवाज बनेंगे और लोकतंत्र को अधिक जवाबदेह तथा जनोन्मुख बनाने के लिए संघर्ष करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा ने अंत में कहा कि सर्व जन विकास पार्टी किसी व्यक्ति, परिवार या विशेष वर्ग की राजनीति नहीं करेगी, बल्कि हिन्दुस्तान के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ें तथा एक ऐसे राष्ट्र निर्माण के अभियान में भागीदार बनें, जहां सत्ता का केंद्र जनता हो और शासन का प्रत्येक निर्णय आम नागरिक के हित को ध्यान में रखकर लिया जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि देश की जनता का सहयोग मिला तो सर्व जन विकास पार्टी आने वाले समय में राजनीति की दिशा और दशा बदलने का कार्य करेगी तथा शहीदों के सपनों के अनुरूप एक न्यायपूर्ण, पारदर्शी, समृद्ध और जनहितकारी हिन्दुस्तान के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Reviewed by PSA Live News
on
7:30:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: