ब्लॉग खोजें

नशामुक्त युवा से ही विकसित भारत का संकल्प : संदीप विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ






संवाददाता- सुजीत कुमार मिश्र

        मधुबनी  । संदीप विश्वविद्यालय, सिजौल स्थित शिक्षा विभाग के नेना झा ऑडिटोरियम हॉल में शुक्रवार को विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। यह अभियान व्यापक 100 सप्ताह के संकल्प अभियान के रूप में संचालित किया जाना है।

     कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा संकाय के डीन डॉ. ज्योतेंद्र कुमार पाठक, प्राचार्य डॉ. विधान चंद्र चौधरी एवं प्राध्यापक सुजीत कुमार मिश्र सहित अन्य अतिथियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशक एवं NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अभिषेक ठाकुर ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई।

    अपने संबोधन में डॉ. विधान चंद्र चौधरी ने कहा कि “नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ें, तो विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल सकती है।”

प्राध्यापक सुजीत कुमार मिश्र ने कहा कि “नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक सामाजिक दायित्व है। युवाओं को ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ के संदेश को अपने व्यवहार में उतारते हुए परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए। स्वस्थ युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला हैं।”

      कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित एकांकी अभिनय प्रस्तुत कर प्रभावशाली संदेश दिया। वहीं अनेक विद्यार्थियों ने कविता, कहानी, लेख एवं संवाद के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं अतिथियों के बीच युवा संवाद एवं इंटरैक्टिव डिस्कशन आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने नशे की समस्या, उसके सामाजिक प्रभाव तथा इससे बचाव के उपायों पर अपने विचार साझा किए।

     कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके पश्चात उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली तथा नशामुक्ति संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान में भाग लेते हुए नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

     समापन सत्र में डॉ. अभिषेक ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नशामुक्त युवा और स्वस्थ भारत के संदेश को लगातार आगे बढ़ाने के लिए अभियान को निर्धारित 100 सप्ताह के संकल्प के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, NSS स्वयंसेवकों एवं सभी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

     अंत में डॉ. अभिषेक ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के प्रथम चरण के समापन की घोषणा की गई। पूरे आयोजन के दौरान “Say No to Drugs, Say Yes to Life” तथा “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो- स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत” का संदेश प्रमुखता से गूंजता रहा।

नशामुक्त युवा से ही विकसित भारत का संकल्प : संदीप विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ नशामुक्त युवा से ही विकसित भारत का संकल्प : संदीप विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ Reviewed by PSA Live News on 8:46:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.