ब्लॉग खोजें

'नशा मुक्त युवा से विकसित भारत–संकल्प अभियान 2026' का भव्य आगाज, प्रधानमंत्री मोदी ने एक करोड़ से अधिक युवाओं को दिलाया नशामुक्त भारत का संकल्प

100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान, मधुबनी में जिला प्रशासन एवं MY Bharat के संयुक्त तत्वावधान में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम


मधुबनी। 
देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 'नशा मुक्त युवा से विकसित भारत–संकल्प अभियान 2026' का रविवार को पूरे देश में भव्य शुभारंभ किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत MY Bharat द्वारा संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर देशभर के लगभग 10,000 स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को सकारात्मक दिशा में लगाकर 'विकसित भारत–2047' के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का युवा यदि नशामुक्त रहेगा तो राष्ट्र अधिक सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया। इसी अवसर पर आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी 'संडे प्रोग्राम' का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत देशभर में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान, शपथ ग्रहण, खेल गतिविधियां एवं सामाजिक सहभागिता आधारित आयोजन किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।

मधुबनी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत मधुबनी के डीआरडीए सभागार में जिला प्रशासन एवं MY Bharat, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवा स्वयंसेवकों, एनएसएस सदस्यों, युवा क्लबों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि नशीले पदार्थों एवं शराब का सेवन व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत घातक है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। अपने संबोधन के उपरांत उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

जागरूकता अभियान पूरे जिले में चलेगा : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि आगामी 100 सप्ताह तक मधुबनी जिले में नशामुक्ति को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, युवा क्लबों एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मधुबनी जिला सामाजिक अभियानों में सदैव अग्रणी रहा है और जनसहभागिता के बल पर यह अभियान भी निश्चित रूप से सफल होगा।

युवाओं से अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनने की अपील

विधायक श्री माधव आनंद ने कहा कि नशामुक्त जीवन ही स्वस्थ, समृद्ध और सफल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्री चंदन कुमार झा, जिला युवा पदाधिकारी (MY Bharat) श्री अमरेन्द्र कुमार अमर, सहायक निदेशक श्री नितेश कुमार पाठक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, MY Bharat एवं एनएसएस के स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अभियान का उद्देश्य

'नशा मुक्त युवा से विकसित भारत–संकल्प अभियान 2026' का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा जनभागीदारी के माध्यम से देशभर में नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। आगामी 100 सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से करोड़ों युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनाकर विकसित भारत–2047 के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने की दिशा में व्यापक प्रयास किए जाएंगे।

'नशा मुक्त युवा से विकसित भारत–संकल्प अभियान 2026' का भव्य आगाज, प्रधानमंत्री मोदी ने एक करोड़ से अधिक युवाओं को दिलाया नशामुक्त भारत का संकल्प 'नशा मुक्त युवा से विकसित भारत–संकल्प अभियान 2026' का भव्य आगाज, प्रधानमंत्री मोदी ने एक करोड़ से अधिक युवाओं को दिलाया नशामुक्त भारत का संकल्प Reviewed by PSA Live News on 5:36:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.