🚨 बड़ी खबर | PSA Live News : रांची के होचर गांव से विवाहित युवती के कथित अपहरण का मामला, रामगढ़ में प्राथमिकी दर्ज; त्वरित गिरफ्तारी की उठी मांग
सामाजिक कार्यकर्ता विवेक प्रताप सिंह ने रामगढ़ एसपी, हजारीबाग रेंज डीआईजी सहित वरिष्ठ अधिकारियों से की तत्काल कार्रवाई की अपील
रांची/रामगढ़। झारखंड की राजधानी रांची के कांके प्रखंड अंतर्गत होचर गांव से एक विवाहित युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, युवती की शादी रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि होचर गांव निवासी कैफ अंसारी युवती को उसके ससुराल से कथित रूप से अपने साथ ले गया।
इस मामले को लेकर भुरकुंडा थाना (रामगढ़) में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना फैलते ही दोनों जिलों के लोगों में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने सामाजिक कार्यकर्ता से लगाई गुहार
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह पीड़ित परिवार के सदस्यों ने सामाजिक कार्यकर्ता विवेक प्रताप सिंह से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और न्याय दिलाने की मांग की। मामला सामने आते ही विवेक प्रताप सिंह ने इसे गंभीर बताते हुए तत्काल स्थानीय प्रशासन, रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया।
उन्होंने हजारीबाग रेंज के डीआईजी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी मामले की जानकारी देकर आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता और असंतोष का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
विवेक प्रताप सिंह ने क्या कहा
सामाजिक कार्यकर्ता विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि एक विवाहित महिला की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ पुलिस को रांची पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सटीक जानकारी जुटानी चाहिए और आरोपित की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में व्याप्त असंतोष समाप्त हो।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान आने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
Reviewed by PSA Live News
on
8:53:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: