ब्लॉग खोजें

संदीप यूनिवर्सिटी में टाइपाथॉन प्रतियोगिता, 337 विद्यार्थियों ने दिखाई डिजिटल दक्षता




संवाददाता- सुजीत कुमार मिश्र।

    मधुबनी  । डिजिटल युग में तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संदीप यूनिवर्सिटी, मधुबनी के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (SoCSE) में मंगलवार को टाइपाथॉन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से जुड़े 337 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर टाइपिंग गति, शुद्धता, एकाग्रता एवं समय प्रबंधन में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।

     प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को कंप्यूटर आधारित कार्यों में गति और सटीकता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी डिजिटल दक्षता को व्यावहारिक रूप से विकसित करना रहा। वर्तमान समय में शिक्षा, रोजगार और विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक की बढ़ती भूमिका को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर संबंधी व्यावहारिक कौशल का विकास महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टाइपाथॉन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमता को परखने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिला।

     कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संदीप यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. नौशेरवान रौनक रहे। इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. अजय कुमार तथा IQAC निदेशक डॉ. अमरेंद्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। रजिस्ट्रार डॉ. नौशेरवान रौनक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल में भी दक्ष होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी रचनात्मक एवं कौशलपरक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

     प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए संदीप फाउंडेशन की ओर से श्री चंद्र प्रकाश, डीन, स्कूल ऑफ लॉ डॉ. अंकित कुमार तथा ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर श्री सूरज कुमार झा को निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया। निर्णायकों ने प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के आधार पर किया।

      कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीन, स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डॉ. दिवाकर कुमार चौधरी, हेड, स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग श्री सोनल कुमार तथा हेड, कंप्यूटर एप्लीकेशन श्री मंदन मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता का आयोजन MOOCs Cell, संदीप यूनिवर्सिटी, मधुबनी के तत्वावधान में किया गया।

     इस अवसर पर डीन, स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डॉ. दिवाकर कुमार चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और दक्षता को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भविष्य में भी विभिन्न कौशलपरक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

     कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में सैयद अनस अंसारी, MOOCs Coordinator सहित संबंधित टीम की सक्रिय भूमिका रही। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाया।

संदीप यूनिवर्सिटी में टाइपाथॉन प्रतियोगिता, 337 विद्यार्थियों ने दिखाई डिजिटल दक्षता संदीप यूनिवर्सिटी में टाइपाथॉन प्रतियोगिता, 337 विद्यार्थियों ने दिखाई डिजिटल दक्षता Reviewed by PSA Live News on 10:50:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.