संदीप विश्वविद्यालय में धूमधाम से मना एनएसएस दिवस, छात्रों ने लिया राष्ट्र निर्माण व समाज सेवा का संकल्प
संवाददाता: सुजीत कुमार मिश्रा।
मधुबनी। सिजौल स्थित संदीप विश्वविद्यालय के शिक्षा भवन के नेना झा ऑडिटोरियम में 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता पैदा करना था। पूरा समारोह एनएसएस के मूलमंत्र “Not Me But You” (मैं नहीं, आप) पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक्स डॉ. अजय कुमार ने एनएसएस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं है, बल्कि छात्रों में सामाजिक संवेदनशीलता, अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें और सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आगे आएं।
अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ता है और उन्हें देश निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर मौजूद सैकड़ों विद्यार्थियों ने एनएसएस के उद्देश्यों को आत्मसात करते हुए समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
इस विशेष कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं संचालन प्रो. सुजीत कुमार मिश्र के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशक एवं एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अभिषेक ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, शिक्षा विभाग के प्राध्यापक प्रो. प्रत्यूष नंदन ने सह-संयोजक के रूप में अपना सक्रिय योगदान दिया।
समारोह का समापन प्रो. प्रत्यूष नंदन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी आयोजकों, विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, अतिथियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता सामूहिक प्रयास से ही संभव है और एनएसएस का लक्ष्य युवाओं को समाज से जोड़कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
Reviewed by PSA Live News
on
11:09:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: