रांची : तमाड़ के सिंदवारी साप्ताहिक बाजार में ग्रामीणों ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के ईचागढ़ प्रखंड अध्यक्ष को नकली नोटों के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि वह सालुकडीह का रहने वाला है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाजार में खरीदारी के दौरान वह दुकानदारों को 500-500 रुपये के कथित नकली नोट दे रहा था। नोटों पर संदेह होने के बाद दुकानदारों ने उसे पकड़कर पूछताछ की। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान उसकी पिटाई किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि उसके पास से 500 रुपये के करीब 38 नोट मिले, जिनकी कुल कीमत 19 हजार रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलने पर तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और उसे ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। आशंका जताई जा रही है कि पूछताछ में कथित नकली नोटों के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कोई टिप्पणी नहीं: