संवाददाता: सुजीत कुमार मिश्र।
मधुबनी । संदीप यूनिवर्सिटी, सिजौल के श्री महावीर ठाकुर कृषि विज्ञान संकाय में कृषि स्नातकों के लिए शनिवार को रोजगार चयन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय और कृषि क्षेत्र में कार्यरत कंपनी एग्रोस्टार के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस समझौते का मुख्य उद्देश्य कृषि शिक्षा को व्यावहारिक आवश्यकताओं से जोड़ना तथा विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण, रोजगार, कार्यानुभव और व्यावसायिक विकास के अवसरों का विस्तार करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, कृषि तकनीक के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने की जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नौशेरवान रौनक, शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. अजय कुमार तथा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. अमरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना और उन्हें कृषि क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।
इस अवसर पर कृषि संकाय के अधिष्ठाता डॉ. आर. पी. श्रीवास्तव ने कृषि शिक्षा में व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास और औद्योगिक सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के बढ़ते उपयोग के साथ विद्यार्थियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों और कृषि क्षेत्र की कंपनियों के बीच समन्वय विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर दिशा देने में सहायक सिद्ध हो सकता है।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. आकाश बाबू ने प्रशिक्षण एवं नियोजन पदाधिकारी श्री सूरज कुमार झा के सहयोग से किया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार चयन प्रक्रिया से परिचित होने तथा अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर अवसर प्राप्त करने का मंच मिला।
विश्वविद्यालय और एग्रोस्टार के बीच हुआ यह समझौता कृषि शिक्षा एवं उद्योग जगत के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण, कार्यानुभव, रोजगार तथा व्यावसायिक उन्नति की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Reviewed by PSA Live News
on
8:14:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: