"सिजौल के कृषि प्रक्षेत्र में लहलहा रही सुगंधित फसल, किसानों के लिए खुलेंगी कृषि विविधीकरण की नई संभावनाएं"
संवाददाता: सुजीत कुमार मिश्रा। मधुबनी । मिथिलांचल की धरती पर अब पारंपरिक सुगंधित काला नमक धान की खुशबू बिखरने लगी है। संदीप विश्वविद्यालय, सिजौल के कृषि महाविद्यालय ने अपने कृषि प्रक्षेत्र में पहली बार काला नमक धान की खेती कर एक अभिनव कृषि प्रयोग की शुरुआत की है। खेतों में लहलहाती फसल और विकसित होती बालियां कृषि विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।इस कृषि प्रयोग में पौध संरक्षण विशेषज्ञ सोनू सौरभ फसल प्रबंधन एवं तकनीकी निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर. पी. श्रीवास्तव, डॉ. बसंत कुमार एवं डॉ. कुणाल आनंद के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, मृदा एवं पोषक तत्त्व प्रबंधन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि काला नमक धान उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर एवं आसपास के तराई क्षेत्रों की प्रसिद्ध पारंपरिक सुगंधित किस्म है। अपनी विशिष्ट सुगंध, स्वाद और प्रोटीन, आयरन एवं जिंक जैसे पोषक तत्त्वों के कारण इसे विशेष पहचान प्राप्त है। प्रीमियम गुणवत्ता वाले चावल की बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए इसकी खेती किसानों के लिए बेहतर आय का संभावित विकल्प बन सकती है।
विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य केवल फसल उत्पादन नहीं, बल्कि कृषि विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं वैज्ञानिक खेती का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना भी है। इसके माध्यम से विद्यार्थी फसल प्रबंधन, पौध संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों का अध्ययन कर रहे हैं।
यदि स्थानीय मृदा एवं जलवायु परिस्थितियों में काला नमक धान का उत्पादन एवं गुणवत्ता बेहतर रहती है, तो भविष्य में यह मिथिलांचल के किसानों के लिए फसल विविधीकरण का एक नया विकल्प बन सकता है। संदीप विश्वविद्यालय की यह पहल कृषि शिक्षा, अनुसंधान और किसानों की आर्थिक संभावनाओं को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Reviewed by PSA Live News
on
2:37:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: