ब्लॉग खोजें

नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ श्री राम पॉलिटेक्निक ने निकाली जागरूकता रैली

"सिजौल गांव में नुक्कड़ नाटक और भाषण के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत"






संवाददाता- सुजीत कुमार मिश्र

        मधुबनी   । शनिवार को सामाजिक चेतना और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संदीप फाउंडेशन के श्री राम पॉलिटेक्निक द्वारा शनिवार को नशामुक्ति जागरूकता  अभियान आयोजित किया गया। संस्थान के प्राचार्य श्री चंद्र प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई तथा नुक्कड़ नाटक और भाषण के माध्यम से ग्रामीणों को तंबाकू, धूम्रपान और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया।

     अभियान में संस्थान के विद्यार्थियों, विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली श्री राम पॉलिटेक्निक परिसर से प्रारंभ होकर सिजौल गांव होते हुए राजकीय मध्य विद्यालय, मैलाम पहुंची। वहां से वापस संस्थान परिसर लौटने के दौरान रैली ने गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरकर आम लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया।

     इस अवसर पर डॉ. राम मनोहर पांडेय, विभागाध्यक्ष, अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं प्रथम वर्ष; श्री अमरजीत कुमार शर्मा, विभागाध्यक्ष, विद्युत अभियंत्रण; श्री अमरनाथ कुमार, विभागाध्यक्ष, सिविल अभियंत्रण; श्री धर्मेंद्र कुमार ठाकुर, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियंत्रण तथा श्री दीपक कुमार चौधरी, विभागाध्यक्ष, यांत्रिक अभियंत्रण सहित संस्थान के सभी व्याख्याताओं ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

     जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और भाषण प्रस्तुत किए। नाटक के माध्यम से नशे की लत से उत्पन्न पारिवारिक कलह, आर्थिक संकट, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और सामाजिक विघटन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।  विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

     कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य श्री चंद्र प्रकाश ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज के विकास में गंभीर बाधा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल तकनीकी और किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।

     इस अभियान के माध्यम से श्री राम पॉलिटेक्निक ने शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। अभियान का संदेश था— “नशे को कहें ना, जीवन को कहें हां; स्वस्थ युवा, सशक्त समाज और नशामुक्त भारत का करें निर्माण।”

नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ श्री राम पॉलिटेक्निक ने निकाली जागरूकता रैली नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ श्री राम पॉलिटेक्निक ने निकाली जागरूकता रैली Reviewed by PSA Live News on 9:19:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.