कोविड-19 वैक्सीनेशन को लेकर रांची जिले में तैयारियां पूरी, प्रत्येक सेंटर पर मजिस्ट्रेट और फोर्स की होगी तैनाती
सम्पादक - अशोक कुमार झा ।
रांची । 16 जनवरी 2021 से शुरू होने वाले कोविड वैक्सीनेशन की रांची ज़िला में तैयारियों को लेकर उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने आज दिनांक 11 जनवरी 2021 को विभिन्न कोषांगों के वरीय/नोडल पदाधिकारियों साथ समीक्षा बैठक की।
समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त श्री छवि रंजन ने सभी कोषांगों के कोविड वैक्सीनेशन के लिए अब तक की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कोविड-19 वैक्सीनेशन के पहले फेज के लिए लाभार्थियों के डेटाबेस और पोर्टल पर अपडेशन की जानकारी उपायुक्त द्वारा ली गई। मटेरियल सेल के प्रभारी पदाधिकारी से उन्होंने सभी वैक्सीनेशन सेंटर पर आवश्यक सामग्री की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए ससमय चेक लिस्ट के अनुसार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निदेश दिया।
कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए डॉक्टर, नर्स, एएनएम एवं अन्य सभी प्रकार के कर्मियों की ट्रेनिंग की जानकारी उन्होंने ट्रेनिंग सेल के नोडल पदाधिकारी से ली। उपायुक्त ने कोषांग के नोडल पदाधिकारी को कोविड-19 वैक्सीनेशन सेंटर पर प्रशिक्षित कर्मी को ही भेजा जाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रत्येक सेंटर पर मजिस्ट्रेट और फोर्स की तैनाती को लेकर भी उपायुक्त ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक पर वरीय प्रभारी बनाए गए हैं, जो 5 से 6 वैक्सीनेशन सेंटर के वरीय प्रभार में रहेंगे।
16 जनवरी 2021 को रांची के पांच वैक्सीनेशन सेंटर से वेबकास्टिंग की व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल में बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर में टू-वे कनेक्टिविटी की व्यवस्था लेकर भी सिविल सर्जन और डीआईओ को दिशा निर्देश दिए।
16 जनवरी 2021 को अन्य 5 वैक्सीनेशन सेंटर पर वन वे कनेक्टिविटी की भी व्यवस्था होगी, इसे लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने का निदेश दिया।
बैठक के दौरान अन्य कोषांगों द्वारा की गई तैयारियों की भी उपायुक्त द्वारा विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने सभी कोषांगों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा। कोविड टेस्टिंग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जांच के संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।
Reviewed by PSA Live News
on
11:23:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: