झारखंड को केरल व बंगाल बनाने की हो रही है साजिश, भाजपा और संघ विचार परिवार के लोगों को किया जा रहा टारगेट- सांसद
रांची । विश्व हिंदू परिषद खलारी प्रखंड के अध्यक्ष मुकेश सोनी कि सारे शाम को गोली मारकर हत्या किए जाने पर पर सांसद संजय सेठ ने कड़ा विरोध जताया है। सांसद श्री सेठ ने कहा कि इस सरकार में अपराध और अपराधी दोनों बेलगाम हो चुके हैं। इनके निशाने पर भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठनों के कार्यकर्ता हैं। सांसद श्री सेठ ने कहा कि भाजपा और संघ विचार परिवार के कार्यकर्ताओं को टारगेट किया जा रहा है। टारगेट करके उन्हें नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उनकी हत्या की जा रही है। यह सारी घटनाएं सत्ता के द्वारा प्रायोजित घटनाएं हैं। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। झारखंड को केरल और पश्चिम बंगाल बनाने की साजिश चल रही है।
सांसद श्री सेठ ने कहा कि यह कितनी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि दुकान बंद कर घर जाने के क्रम में एक सामान्य व्यवसाई और सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या कर दी जाती है। यह इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की राजधानी में अपराधी बेलगाम और बेकाबू हो गए हैं। यह भी कहना गलत नहीं होगा कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। इसलिए इतना दुस्साहस जुटा पा रहे हैं।
श्री सेठ ने कहा कि नए खलारी के थाना प्रभारी वहां अनैतिक कार्यों में लिप्त है। वहां की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। स्थानीय नागरिक कई बार इस बात की शिकायत कर चुके हैं। खुद मैंने आज से दो-तीन महीने पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात कर उन पर कार्रवाई करने को और उन्हें हटाने को कहा था। बावजूद इसके प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्यवाही नहीं हुई, जिसका परिणाम आज हमें इस रूप में देखने को मिला है। सांसद श्री सेठ ने अविलंब वहां के थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है।
सांसद श्री सेठ ने स्पष्ट रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि 24 घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन करें और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। अन्यथा भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। वहीं सांसद श्री सेठ ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि भाजपा और संघ विचार परिवार के कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसकी जवाबदेही राज्य सरकार ले वरना भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
कोई टिप्पणी नहीं: