“2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य संभव” – ओम बिरला
“भारत आतंक के हर ठिकाने को खत्म करेगा” – संजय सेठ
रांची। झारखंड की धरती पर रविवार को एक ऐतिहासिक क्षण उस समय दर्ज हुआ, जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का धार्मिक, सामाजिक व व्यापारिक संस्थाओं द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन स्वर्ण भूमि सभागार में आयोजित किया गया। इस गरिमामय अवसर पर मंच पर रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ भी उपस्थित रहे, जिनका भी समारोह में अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान फाउंडेशन, रांची चैप्टर द्वारा किया गया। ओम बिरला के रांची आगमन पर स्वर्ण भूमि सभागार के मुख्य द्वार पर मारवाड़ी महिला युवा समिति की सदस्यों ने पारंपरिक मंगल तिलक, आरती एवं पुष्प वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत श्रीगणेश वंदना और शंखनाद से हुई।
समाज के हर वर्ग की उपस्थिति में सम्मान
अभिनंदन समारोह में रांची की 180 से अधिक धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को अंग वस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। मंच पर राजस्थान फाउंडेशन रांची चैप्टर के अध्यक्ष अजय मारू, संयोजक मुकेश काबरा, पुनीत पोद्दार, ऐश्वर्य सेठ, राम बांगड़, राहुल मारू, रोहित अग्रवाल, प्रमोद सारस्वत, अमित चौधरी, जय प्रकाश सिंघानिया सहित कई गणमान्यजन उपस्थित थे।
एक भारत, एक चुनाव – समय की माँग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि, “आज का यह ऐतिहासिक दिन रांचीवासियों के लिए गर्व का विषय है। वर्षों से जिसकी प्रतीक्षा थी, वह क्षण आज हमारे सामने है। लोकसभा अध्यक्ष का रांची में नागरिक अभिनंदन होना पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक देश, एक चुनाव’ के विचार को दोहराते हुए कहा कि इससे राष्ट्र को समय, संसाधन और धन की बड़ी बचत होगी।
संजय सेठ ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में भारतीय सेना के शौर्य का उल्लेख करते हुए कहा, “दुनिया ने देखा कि भारत ने 23 मिनट में आतंक के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। यह देश अब सहन नहीं करेगा, आतंक का हर जवाब दुश्मन की ज़मीन पर दिया जाएगा।”
भारत का बढ़ता आत्मविश्वास – ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने वक्तव्य की शुरुआत “भारत माता की जय” के उद्घोष से की और कहा कि बिरसा मुंडा की इस पुण्यभूमि पर आकर उन्हें अपार खुशी हो रही है।
उन्होंने कहा, “झारखंड न केवल खनिज संपदा से समृद्ध है बल्कि यहां सामाजिक और आर्थिक विकास की तेज़ लहर भी चल रही है। आज हिंदुस्तान पूरी दुनिया में आत्मविश्वास के साथ खड़ा है और यह विश्वास देशवासियों के परिश्रम और नेतृत्व की वजह से संभव हुआ है।”
उन्होंने कहा, “2047 में जब देश अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब हम सभी के प्रयासों से एक विकसित राष्ट्र के रूप में खड़े होंगे। हर क्षेत्र – तकनीक, स्वास्थ्य, उद्योग, शिक्षा, रक्षा – में भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।”
आतंकवाद को मिलेगा निर्णायक उत्तर
आतंकवाद पर कड़ा संदेश देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, “भारत ने आतंक के खिलाफ स्पष्ट नीति बनाई है। कोई भी आतंकी हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब आतंकवाद का जवाब दुश्मन की धरती पर जाकर दिया जाएगा। हमारी सेना ने यह कर दिखाया है, और भारत की नीति अब स्पष्ट है – आतंक का स्रोत जहां भी होगा, उसे खत्म कर दिया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि आज भारत निवेश, तकनीक, योग और आयुर्वेद के क्षेत्र में अग्रणी बन चुका है। दुनिया की कई प्रमुख कंपनियों में भारतीय नेतृत्व कर रहे हैं, और यह हमारी क्षमताओं का प्रमाण है।
आशीर्वाद से शुरू हुआ दिन, श्री श्याम मंदिर में दर्शन
इससे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं संजय सेठ के रांची आगमन पर बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर राजस्थान फाउंडेशन रांची चैप्टर के अध्यक्ष अजय मारू, सुरेश सरावगी सहित सैकड़ों सदस्यों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।
वहां से वे हरमू रोड स्थित श्री श्याम बाबा मंदिर पहुंचे, जहां दोनों नेताओं ने बाबा की चौखट पर मत्था टेका और आशीर्वाद ग्रहण किया। मंदिर समिति द्वारा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का हुआ सफल संचालन
अभिनंदन समारोह का सफल संचालन संयोजक मुकेश काबरा ने किया, जबकि इसके आयोजन में अजय मारू, पुनीत पोद्दार, ऐश्वर्य सेठ, प्रमोद सारस्वत, मनीष लोधा, विकास गोयल, गौरव काबरा, नितिन भालोटिया सहित कई सदस्यों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।
सदियों तक स्मरणीय रहेगा यह आयोजन
रांची में आयोजित यह नागरिक अभिनंदन समारोह केवल एक सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय चेतना का उत्सव बन गया। हज़ारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: