ब्लॉग खोजें

सदर अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर सर्जरी सफल, 44 वर्षीय महिला को नई जिंदगी


रांची। 
रांची के सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल ब्रेन ट्यूमर सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 44 वर्षीय महिला को नई जिंदगी दी है। बोकारो निवासी महिला के मस्तिष्क में बांयी कनपटी के पास खतरनाक ट्यूमर पाया गया था, जिसे चिकित्सा की दृष्टि से अत्यंत जटिल माना जाता है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मरीज को लगातार सिरदर्द और अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याओं की शिकायत के बाद जांच कराई गई, जिसमें मस्तिष्क के बांयी कनपटी वाले हिस्से में ट्यूमर का पता चला। इस संवेदनशील हिस्से में सर्जरी करना जोखिमपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यहां मस्तिष्क की कई महत्वपूर्ण नसें और तंत्रिका तंत्र जुड़े होते हैं।

न्यूरो सर्जन डॉ. अशोक मुंडा के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्याधुनिक तकनीक और सावधानीपूर्वक योजना के साथ ऑपरेशन किया। कई घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी के बाद ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर रही और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।

इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन में एनेस्थेटिस्ट डॉ. नीरज, डॉ. वसुधा, डॉ. कौशल सहित ऑपरेशन थियेटर की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ओटी असिस्टेंट सिस्टर नेली, मुकेश और अमित ने सर्जरी के दौरान चिकित्सकों को सहयोग प्रदान किया। इसके अलावा अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने भी पूरी प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दिया।

सफल सर्जरी के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरी टीम को बधाई दी। सिविल सर्जन के साथ अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. बिमलेश सिंह और डॉ. ए.के. झा ने डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि सदर अस्पताल में अब जटिल से जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही है, जो सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की सफल सर्जरी से आम लोगों का सरकारी अस्पतालों के प्रति भरोसा और मजबूत होगा तथा मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।

सदर अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर सर्जरी सफल, 44 वर्षीय महिला को नई जिंदगी सदर अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर सर्जरी सफल, 44 वर्षीय महिला को नई जिंदगी Reviewed by PSA Live News on 7:08:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.