ब्लॉग खोजें

जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, महिलाओं की क्षमता और नेतृत्व पर हुआ मंथन


जमशेदपुर।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकार, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू, सम्मानित अतिथि श्रीमती तरुणा मिश्रा (एसएचओ, रेल पुलिस टाटानगर) तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. डी. के. धंजल (पूर्व प्राचार्य, ग्रेजुएट कॉलेज, जमशेदपुर) और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में महिला सशक्तिकरण का संदेश गूंजता रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सामाजिक सहभागिता और नेतृत्व कौशल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने ज्ञान और प्रतिभा के बल पर समाज में एक सशक्त पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल, राजनीति और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।

मुख्य अतिथि श्रीमती बारी मुर्मू ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं में अपार प्रतिभा और क्षमता छिपी होती है, जिसे सही दिशा और अवसर मिलने पर और अधिक निखारा जा सकता है। उन्होंने अपने एनजीओ के माध्यम से महिलाओं और जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी और कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है।

सम्मानित अतिथि श्रीमती तरुणा मिश्रा, जो एक कुशल पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ बॉक्सिंग के क्षेत्र में भी अनुभव रखती हैं, ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को आत्मरक्षा और आत्मविश्वास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करना चाहिए ताकि वे खुलकर अपनी समस्याएं और आकांक्षाएं साझा कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि अभिभावकों को अपनी इच्छाओं को बच्चों पर थोपने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरभि सिन्हा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास, इसकी वैश्विक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में डॉ. संगीता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर छात्राओं ने कविता, गीत और भाषण के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, उनके संघर्ष और उनकी उपलब्धियों को रेखांकित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी प्रेरणादायक बना दिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. मोनीदीपा दास, डॉ. मीतू आहूजा, डॉ. मलिका हेजाब, डॉ. शिप्रा, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. पुष्पा सालो लिंडा, प्रो. कुमारी प्रियंका, प्रो. सुनीता गुड़िया, डॉ. वाजदा तबस्सुम, डॉ. श्वेता कुमारी, डॉ. एस. मीनाक्षी, डॉ. नूतन रानी, प्रो. सुदेषणा बनर्जी, प्रो. कंचन गिरि, श्रीमती सविता, श्रीमती विपाशा कुमारी, श्रीमती तान्या, रजनी कुमारी, डॉ. जावेद इकबाल, डॉ. एम. ए. खान, प्रो. सुभाष चंद दास, प्रो. अरविंद कुमार साहू, श्री मनमोहन, श्री रामस्वरूप सहित बड़ी संख्या में छात्राएं और अन्य लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता का मजबूत संदेश दिया गया, जिससे छात्राओं में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार हुआ।

जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, महिलाओं की क्षमता और नेतृत्व पर हुआ मंथन जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, महिलाओं की क्षमता और नेतृत्व पर हुआ मंथन Reviewed by PSA Live News on 6:37:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.