ब्लॉग खोजें

पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन रंग पंचमी उत्सव धूमधाम से संपन्न, 6 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


रांची: 
राजधानी रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन रंग पंचमी का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें वृंदावन से मंगाए गए आकर्षक परिधान और जड़ित आभूषणों से अलौकिक सज्जा की गई। राधा रानी की मनमोहक छटा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग, गुलाल और पुष्पों की सुगंध से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल में डूब गया। मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं को अबीर-गुलाल का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

फाल्गुन रंग पंचमी के इस पावन अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा के तहत 256वें महाप्रसाद का भी भव्य आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा दोपहर 12 बजे विधिवत भोग अर्पित किया गया। इसके बाद वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसे मंदिर परिसर में उपस्थित लगभग दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने रंग पंचमी और श्री राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित मनमोहक और सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण श्री राधा-कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती में भाग लिया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि रंग पंचमी उत्सव के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दिनभर में लगभग 6 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक अन्नपूर्णा सेवा के तहत वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन 500 से अधिक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।

इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पूरणमल सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, अंजनी अग्रवाल, विष्णु सोनी, सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे उत्सव को भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न कराया।

पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन रंग पंचमी उत्सव धूमधाम से संपन्न, 6 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन रंग पंचमी उत्सव धूमधाम से संपन्न, 6 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन Reviewed by PSA Live News on 9:50:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.