ब्लॉग खोजें

धनबाद में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का शूटर ढेर; एक पुलिस अधिकारी घायल


धनबाद :
झारखंड के धनबाद जिले में रविवार की शाम पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह का एक शूटर पुलिस की गोली से मारा गया। यह मुठभेड़ सरायढेला थाना क्षेत्र के फायरिंग रेंज इलाके में हुई, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में छिपे हुए हैं।

सूचना मिलते ही सरायढेला थाना की पुलिस के साथ जिला पुलिस की एक विशेष टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बताया जाता है कि जैसे ही पुलिस टीम संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंची, वहां पहले से छिपे अपराधियों ने पुलिस को देखते ही अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अपराधियों की फायरिंग से मचा हड़कंप

अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से कुछ देर तक लगातार गोलियां चलती रहीं। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से प्रिंस खान गिरोह का एक शूटर मौके पर ही ढेर हो गया। हालांकि अंधेरे और मौके की अफरातफरी का फायदा उठाकर गिरोह के अन्य अपराधी भागने में सफल रहे।

मुठभेड़ में पुलिस अधिकारी को लगी गोली

इस मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस अधिकारी भी गोली लगने से घायल हो गए। साथी जवानों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार घायल अधिकारी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

मौके पर पहुंचे एसएसपी, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। मौके से हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद किए जाने की बात कही जा रही है।

प्रिंस खान गिरोह पर पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रिंस खान गिरोह पिछले कुछ समय से धनबाद और आसपास के इलाकों में रंगदारी, फायरिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है। पुलिस लंबे समय से इस गिरोह के सदस्यों की तलाश कर रही थी। इस मुठभेड़ को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

धनबाद में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का शूटर ढेर; एक पुलिस अधिकारी घायल धनबाद में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का शूटर ढेर; एक पुलिस अधिकारी घायल Reviewed by PSA Live News on 6:53:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.