सेवा और समर्पण को मिला सम्मान : प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में समाजसेवी संजय सर्राफ हुए सम्मानित
रांची। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में रांची के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं व्यवसायी संजय सर्राफ को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। रांची के कांके रोड स्थित भुवालका हाउस में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में रांची के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने उन्हें अंगवस्त्र, शॉल, स्मृति-चिन्ह एवं विशेष पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में समाजसेवियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे व्यक्तित्व, जो निस्वार्थ भाव से समाज के वंचित, जरूरतमंद और पीड़ित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करते हैं, वास्तव में राष्ट्र निर्माण के सच्चे सहभागी होते हैं। उनका सम्मान करना समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब शासन और समाज दोनों मिलकर सेवा की भावना के साथ कार्य करें। समाजसेवी अपने कर्मों से लोगों के जीवन में आशा और विश्वास का संचार करते हैं तथा सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
सम्मान प्राप्त करने वाले समाजसेवी संजय सर्राफ पिछले लगभग दो दशकों से रांची सहित झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता, धार्मिक आयोजनों, जरूरतमंदों की सहायता तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करने के क्षेत्र में उनके योगदान को व्यापक सराहना मिली है। सेवा को उन्होंने केवल दायित्व नहीं, बल्कि जीवन का उद्देश्य बनाया है।
संजय सर्राफ ने समाज में संगठनात्मक एकता, सामाजिक समरसता और जनजागरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया है। उनके नेतृत्व और सक्रिय सहभागिता के कारण अनेक सामाजिक अभियानों को नई दिशा मिली है। झारखंड के सामाजिक क्षेत्र में उन्होंने अपनी कार्यशैली, समर्पण और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर एक विशिष्ट एवं सम्मानजनक पहचान स्थापित की है।
वर्तमान में संजय सर्राफ अनेक प्रतिष्ठित सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वे झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन में प्रांतीय संयुक्त महामंत्री, हिंदी साहित्य भारती में उपाध्यक्ष तथा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग, झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन, राष्ट्रीय सनातन एकता मंच एवं पवित्रम सेवा परिवार में प्रांतीय प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इसके अतिरिक्त वे अग्रवाल सभा, मारवाड़ी सहायक समिति, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं तथा विभिन्न पदों पर रहते हुए जनहित एवं समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
सम्मान ग्रहण करने के उपरांत संजय सर्राफ ने इस सम्मान को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए इसे समाजसेवा से जुड़े सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाजहित में और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
समारोह में उपस्थित गणमान्य लोगों ने संजय सर्राफ के सामाजिक योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान नई पीढ़ी को सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अजय मारू, पार्षद नकुल तिर्की, भगवती भुवालका, मुकेश काबरा, कैलाश सिंघानिया, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, रविंद्र मोदी, जयंत शाहदेव, पुष्पा भुवालका, आदित्य भुवालका सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे। समारोह का वातावरण उत्साह, सम्मान और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता की भावना से ओत-प्रोत रहा।
Reviewed by PSA Live News
on
9:11:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: