ब्लॉग खोजें

नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 2026 के लिए मधुबनी में सभी तैयारियां पूरी, 21 जून को 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा


मधुबनी, 18 जून।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मधुबनी जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षा के लिए कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 21 जून 2026 (रविवार) को परीक्षा आयोजित की जाएगी।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह की अध्यक्षता में केंद्राधीक्षकों, स्टेटिक दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी, सुरक्षित और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उप विकास आयुक्त ने बताया कि अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा एडमिट कार्ड का मिलान करने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियो रिकॉर्डिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं जैमर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों की प्रत्येक गतिविधि पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की भी सीधी निगरानी रहेगी।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, इयरफोन, पेन ड्राइव, कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हैंडबैग, बेल्ट, आभूषण, खाद्य सामग्री अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी अभ्यर्थी के पास इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य संदिग्ध सामग्री पाए जाने पर उसे कदाचार मानते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के वरीय अधिकारियों को विभिन्न केंद्रों पर स्टेटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक तथा जोनल दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी। संपूर्ण विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह के नेतृत्व में संचालित होगी।

जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्णय लिया है। जिला साइबर सेल एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सोशल मीडिया टीम विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह, फर्जी सूचना या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी अपर समाहर्ता मुकेश रंजन तथा पुलिस पक्ष से मुख्यालय डीएसपी रश्मि को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 एवं 06276-222217 जारी किए गए हैं।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय रश्मि, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, उप निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी कन्हैया लाल गोस्वामी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।

नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 2026 के लिए मधुबनी में सभी तैयारियां पूरी, 21 जून को 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 2026 के लिए मधुबनी में सभी तैयारियां पूरी, 21 जून को 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा Reviewed by PSA Live News on 9:42:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.