मधुबनी, 06 जुलाई 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को जिले के ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस में रखी गई ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयर हाउस में लागू सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वेयर हाउस परिसर की निगरानी व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास नियंत्रण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा अभिलेखों के संधारण संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही वीवीपैट गोदाम में रखी मशीनों की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े सभी आवश्यक पहलुओं का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा मशीनों के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयर हाउस में उपलब्ध अभिलेखों, सीलिंग व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की। साथ ही उप निर्वाचन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण किया जाए।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रत्येक माह जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया जाता है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े उपकरणों की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में किए गए इस निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के निरंतर पालन के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर सहित निर्वाचन शाखा के संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
9:06:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: