रांची पुलिस का जनसरोकार अभियान: थानों में साप्ताहिक जन शिकायत समाधान शिविर, SSP राकेश रंजन ने स्वयं सुनीं फरियादियों की समस्याएं
रांची, 30 जुलाई। आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना एवं ओपी (आउटपोस्ट) में साप्ताहिक जन शिकायत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अभियान में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों का निरीक्षण किया, लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर आमजन को तत्काल राहत प्रदान की।
इस दौरान एसएसपी राकेश रंजन स्वयं विभिन्न थानों में पहुंचे और फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन के निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया गया, जबकि अन्य मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बुधवार को आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान जिले का पूरा पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहे और प्राप्त शिकायतों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराई।
शिविर में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, साइबर अपराध, धोखाधड़ी, मारपीट, गुमशुदगी, पड़ोसी विवाद सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित पक्षों को आवश्यक कानूनी जानकारी भी दी तथा कई मामलों में आपसी समझौते एवं संवाद के माध्यम से समाधान का प्रयास किया।
रांची पुलिस का कहना है कि इस साप्ताहिक जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत करना है। पुलिस प्रशासन चाहता है कि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े और उन्हें थाना स्तर पर ही त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध हो।
रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाले इस जन शिकायत समाधान शिविर में भाग लें और पुलिस के साथ सहयोग करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। पुलिस का मानना है कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त समाज की स्थापना संभव है।
Reviewed by PSA Live News
on
3:56:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: